संयुक्त संचालक शिक्षा के खिलाफ 7 को आक्रोश रैली
जगदलपुर। सर्व शैक्षिक संगठन बस्तर संभाग के सातों जिलों बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा के सभी शिक्षक संगठनों के प्रांतीय एवं संभागीय पदाधिकारियों व जिला अध्यक्षों की वर्चुअल बैठक हुई।
बैठक का मुख्य विषय संयुक्त संचालक शिक्षा बस्तर संभाग द्वारा शिक्षकों के प्रति तानाशाही व हिटलर शाही रवैये के विरोध में गत 16 अक्टूबर को सर्व शैक्षिक संगठन बस्तर जिला द्वारा हजारों शिक्षकों ने संध्या 5 बजे विरोध प्रदर्शन कर एवं जिला मुख्यालय जगदलपुर में रैली निकालकर मुख्यमंत्री तथा शिक्षा मंत्री के नाम का ज्ञापन आयुक्त बस्तर संभाग तथा जिला कलेक्टर बस्तर को सौंपते हुए मांग की गई की तत्काल संयुक्त संचालक शिक्षा बस्तर संभाग को बस्तर से हटाया जाए। अन्यथा दीपावली अवकाश के पश्चात उग्र आंदोलन किया जाएगा। इसी विषय को लेकर अगले दिन जगदलपुर विधायक तथा भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव से भी सैकड़ो शिक्षकों की उपस्थिति में ज्ञापन देकर संयुक्त संचालक को बस्तर से हटाए जाने की मांग की गई थी। उन्होंने भी संगठन को भरोसा दिलाया कि दीपावली अवकाश के बाद कार्रवाई करने की बात शिक्षकों से कही थी। चूंकि दीपावली अवकाश समाप्त हुए कई दिन हो चुके हैं और शासन स्तर से संयुक्त संचालक को हटाने संबंधी आदेश जारी नहीं होने से आक्रोशित शिक्षक संगठनों ने बस्तर संभाग स्तरीय वर्चुअल बैठक का आह्वान करते हुए जंगी प्रदर्शन का ऐलान कर दिया। वर्चुअल बैठक संभाग के सातों जिलों के अलग-अलग शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों की वर्चुअल उपस्थिति में संपन्न हुई। जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 7 नवंबर को बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में संभाग भर के शिक्षकों की आक्रोश रैली संयुक्त संचालक शिक्षा के विरुद्ध निकाली जाएगी और मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री के नाम स्मरण ज्ञापन सौंपा जाएगा तथा इसके पूर्व 3 नवंबर से बस्तर संभाग के समस्त सातों जिलों तथा सभी विकासखंडों के शिक्षक विरोध स्वरूप काली पट्टी लगाकर कार्य करेंगे। वर्चुअल बैठक में बस्तर संभाग के लगभग 10 शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
