ग्राम पंचायत अतरिया खुर्द में छत्तीसगढ़ महतारी की आरती कर ‘रजत जयंती राज्योत्सव’ धूमधाम से मनाया गया
कवर्धा,,, छत्तीसगढ़ राज्य के 25वें स्थापना दिवस के ऐतिहासिक और गौरवशाली अवसर पर ग्राम पंचायत अतरिया खुर्द में अभूतपूर्व उत्साह के साथ ‘रजत जयंती राज्योत्सव’ मनाया गया। प्रेरणादायक आयोजन श्रीमती किरण यादव के कुशल नेतृत्व में महिला संगठन द्वारा किया गया, श्री नरेश साहू सरपंच, ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
छत्तीसगढ़ महतारी की भव्य आरती
स्थापना दिवस समारोह का केंद्र बिंदु छत्तीसगढ़ की अस्मिता और मातृशक्ति की प्रतीक “छत्तीसगढ़ महतारी” की भव्य आरती रही।महिला संगठन की सदस्यों ने पारंपरिक वेशभूषा में सज्ज होकर, पारंपरिक छत्तीसगढ़ी गीतों और मंत्रोच्चार के साथ छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना की गई। राज्य स्थापना दिवस में महिलाओं और ग्रामवासियों की बड़ी संख्या में भागीदारी ने छत्तीसगढ़ी माटी के प्रति अटूट भक्ति और गौरव की भावना को दर्शाया। मुख्य अतिथि सरपंच श्री नरेश साहू ने अपने संबोधन में छत्तीसगढ़ राज्य के रजत जयंती वर्ष के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “1 नवंबर 2000 को हमारे राज्य का जन्म हुआ था। आज 25 साल पूरे होने पर हम सब एकजुट होकर खुशियाँ मना रहे हैं। महिला संगठन ने छत्तीसगढ़ महतारी की आरती करके यह संदेश दिया है कि हमारी संस्कृति और हमारी धरती हमारी पहली प्राथमिकता है। मैं ग्राम के विकास और भाईचारे को बनाए रखने के लिए सभी से सहयोग की अपील करता हूँ।” श्रीमती किरण यादव ने इस अवसर पर सभी को बधाई देते हुए कहा कि, “छत्तीसगढ़ की उन्नति और उसकी संस्कृति की रक्षा का संकल्प लेना ही इस स्थापना दिवस का सच्चा अर्थ है। हम सब मिलकर अपने राज्य को और भी ऊँचाई पर ले जाएंगे।” इस समारोह में ग्राम पंचायत के पंचगण, महिला संगठन के सदस्यगण एवं ग्राम के सभी सम्मानित नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। स्थानीय संस्कृति, सामुदायिक सद्भाव और राज्य के प्रति समर्पण का एक उत्कृष्ट उदाहरण साबित हुआ।
