बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल अभा आदिवासी कांग्रेस की सलाहकार समिति के सदस्य मनोनीत



जगदलपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस की सलाहकार समिति एवं विशेष आमंत्रित सदस्य, साथ ही पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए ट्राइबल एडवाइजरी कौंसिल का गठन किया है। इस महत्वपूर्ण समिति में वरिष्ठ आदिवासी नेता एवं बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल को अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस सलाहकार समिति का सदस्य मनोनीत किया गया है। विधायक लखेश्वर बघेल की यह नियुक्ति न केवल बस्तर क्षेत्र बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के आदिवासी समुदाय के लिए गर्व का विषय है। उनकी सक्रिय नेतृत्व क्षमता, संगठनात्मक अनुभव और जनसेवा के प्रति समर्पण को देखते हुए श्री बघेल को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। बस्तर विधायक श्री लखेश्वर बघेल ने सदैव आदिवासी समाज के उत्थान, शिक्षा, रोजगार, संस्कृति संरक्षण एवं क्षेत्रीय विकास के लिए निरंतर संघर्ष किया है। कांग्रेस संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहकर उन्होंने बस्तर की जनभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से रखा है।उनके इस मनोनयन से आदिवासी समाज की आवाज राष्ट्रीय स्तर पर और सशक्त होगी। प्रदेश के कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उन्हें शुभकामनाएं और बधाई दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *