श्रीहरिकोटा में अंतरिक्ष विज्ञान की बारिकियां समझेंगे बस्तर के विद्यार्थी



अर्जुन झा-
जगदलपुर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन के बीच बस्तर संभाग में शैक्षणिक सुशासन आ रहा है। अब बस्तर के विद्यार्थी भी भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान केंद्र (इसरो) की गतिविधियों और अंतरिक्ष विज्ञान की बारीकियों से रूबरू होंगे। इसी कड़ी में संभाग के बीजापुर जिले से राष्ट्रीय आविष्कार अभियान योजना के तहत बीजापुर जिला प्रशासन एवं समग्र शिक्षा बीजापुर द्वारा जिले के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को विज्ञान और अंतरिक्ष के क्षेत्र में प्रेरणा देने के उद्देश्य से इसरो के श्रीहरिकोटा केंद्र के शैक्षणिक भ्रमण के लिए रवाना किया गया है।
इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से विज्ञान एवं शोध में विशेष रुचि रखने वाले 12 छात्रों और 8 छात्राओं का चयन किया गया है। इन विद्यार्थियों के साथ प्रत्येक संस्था से एक-एक शिक्षक भी मार्गदर्शक के रूप में शामिल हैं। यह भ्रमण 5 नवंबर से 10 नवंबर तक पांच दिवसीय रहेगा। छात्रों के दल को जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नम्रता चौबे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी लखन लाल धनेलिया, जिला मिशन समन्वयक कमल झाड़ी तथा सहायक परियोजना समन्वयक समग्र शिक्षा उपस्थित रहे।

विकसित होगी वैज्ञानिक सोच
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी नम्रता चौबे ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस भ्रमण से हमारे छात्र-छात्राओं को अंतरिक्ष अनुसंधान की गहराई समझने, वैज्ञानिक सोच विकसित करने और नए आयामों की ओर बढ़ने का अवसर मिलेगा। यह पहल जिले के विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा और नवाचार की भावना को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *