बस्तर ओलंपिक 2025; हर घर से एक खिलाड़ी निकले का सपना साकार
जगदलपुर। बस्तर कलेक्टर हरिस एस. के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन के निर्देशन में बस्तर ओलंपिक 2025 पूरे जिले में उत्साह और उल्लास के साथ जारी है। कलस्टर स्तर से लेकर ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं अब तक भव्य रूप से संपन्न हुई हैं।
इस आयोजन में खिलाड़ियों, शिक्षकों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी ने इसे एक विशाल खेल उत्सव का रूप दे दिया है। “हर घर से एक खिलाड़ी निकले” के उद्देश्य से शुरू हुए इस अभियान ने बस्तर के युवाओं में खेल के प्रति नई ऊर्जा और जागरूकता पैदा की है। बड़ी बात यह है कि इस बार के बस्तर ओलंपिक में पुरुषों के मुकाबले महिला खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखा गया है। बस्तर ओलंपिक के लिए पंजीयन कराने वालों में पुरुषों से महिला खिलड़ियों की संख्या लगभग दुगुनी है।
ग्रामीण अंचलों से लेकर नगर क्षेत्रों तक बच्चे, युवा और महिलाएं उत्साहपूर्वक विभिन्न खेलों में भाग ले रहे हैं। प्रत्येक ब्लॉक स्तरीय खेल आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया, आयोजन की निगरानी की और समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित की। साथ ही आयोजकों ने खिलाड़ियों के लिए भोजन और आवास की व्यवस्था भी उत्कृष्ट रूप से सुनिश्चित की। ताकि प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ी पूरी तरह तैयार और आरामदायक वातावरण में खेल सकें। उनकी यह व्यवस्थाएं आयोजन की सफलता और खिलाड़ियों की संतुष्टि का प्रमुख कारण बनीं। अपर कलेक्टर एवं सहायक संचालक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग ऋषिकेश तिवारी ने सभी ब्लॉक नोडल अधिकारियों, पीटीआई शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि बस्तर ओलंपिक ग्रामीण प्रतिभाओं को पहचान देने का सशक्त माध्यम बन गया है। आने वाले दिनों में यह पूरे संभाग के लिए एक प्रेरणादायक मॉडल बनेगा।जिला स्तरीय आयोजन के बाद संभाग स्तरीय बस्तर ओलंपिक की तैयारियाँ की जाएंगी, ताकि बस्तर की प्रतिभाएं आगे बढ़कर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। बस्तर जिले में कुल 95 हजार 243 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। इनमें 39 हजार 591 पुरुष और 55 हजार 652 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। पुरुष खिलाड़ियों से अधिक महिला प्रतिभागियों ने खेल उत्सव को और रोचक बनाया है। हर ब्लॉक में आयोजित प्रतियोगिताओं से सभी प्रतिभाओं को मौका मिला।जिला स्तरीय आयोजन के बाद संभाग स्तरीय बस्तर ओलंपिक की तैयारियाँ की जाएंगी। बस्तर ओलंपिक 2025 न केवल खेल का आयोजन है, बल्कि यह युवाओं को सक्रिय, स्वस्थ और प्रतिस्पर्धी बनाने का प्रेरक मंच भी साबित हो रहा है। बच्चों, युवाओं और महिलाओं के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों और आयोजकों के सक्रिय सहयोग ने इसे और भी भव्य और सफल बना दिया है।
