शिलान्यास में प्रोटोकॉल की अनदेखी पर बवाल, जनपद सदस्य की उपेक्षा से भड़का आक्रोश
जगदलपुर। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चौथे चरण में स्वीकृत सड़कों के निर्माण कार्य का भूमिपूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम 17 अप्रैल को शहीद गुंडाधुर कृषि महाविद्यालय ऑडिटोरियम जगदलपुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम को क्षेत्र के लिए एक बड़ी विकासात्मक पहल के रूप में प्रस्तुत किया गया, जिससे स्थानीय जनता को सीधा लाभ मिलने की बात कही गई। हालांकि, इस कार्यक्रम के दौरान प्रोटोकॉल की अनदेखी का मामला सामने आने के बाद विवाद गहरा गया है।
शिलान्यास पट्टिका में मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं ग्राम पंचायत सरपंच के नाम तो अंकित किए गए, लेकिन क्षेत्र के जनपद सदस्य का नाम पूरी तरह नदारद रहा। इसे लेकर जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सिर्फ एक नाम छूटने का मामला नहीं, बल्कि जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि का अपमान है। जनपद सदस्य विकास कार्यों में अहम भूमिका निभाते हैं, ऐसे में उनका नाम हटाना या शामिल न करना गंभीर लापरवाही या जानबूझकर की गई उपेक्षा माना जा रहा है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने इस मुद्दे पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल सुधार की मांग की है। उन्होंने कहा कि शिलान्यास पट्टिका में संशोधन कर जनपद सदस्य का नाम जोड़ा जाए और इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो। इस पूरे घटनाक्रम ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि यदि ऐसे ही प्रोटोकॉल की अनदेखी होती रही, तो इससे जनप्रतिनिधियों के सम्मान के साथ-साथ शासन की साख पर भी असर पड़ेगा।
