कांग्रेस का महिला विरोधी चेहरा हो गया बेनकाब: मुश्ताक अहमद



दल्लीराजहरा भाजपा के सक्रिय सदस्य मुश्ताक अहमद ने एनडीए द्वारा संसद में लाए गए नारी शक्ति अधिनियम बिल का विपक्षी पार्टी कांग्रेस व उनके साथी दलों द्वारा लोकसभा में पारित नहीं होने देने को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि कांग्रेस की शुरू से ही महिला विरोधी मानसिकता रही है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से लेकर मनमोहन सिंह तक महिलाओं के 30 प्रतिशत आरक्षण के संबंध में बिल पास नहीं होने दिया।
मुश्ताक अहमद ने कहा है कि महिलाओं को संसद में आने से रोकने के लिए तरह- तरह के उपक्रम किए गए। उन्हें परकटी तक कहा गया। जो महिला विरोधी मानसिकता का परिचायक है। आज जब देश की आधी आबादी महिला शक्ति सभी क्षेत्रों में झंडे गाड़ रही है, तब कांग्रेस सहित उनके विपक्षी साथी महिला की तरक्की की राह में रोड़ा अटकाने का काम कर रहे हैं। भाजपा नेता मुश्ताक अहमद ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री मोदी जी द्वारा महिलाओं को आगे बढ़ाने हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। आजादी के 70 साल बाद उन्हें उनका हक नहीं दिया गया, आज जब उनका हक देने की बात आ रही है तो कांग्रेस और विपक्षी दलों ने परिसीमन और दक्षिण में सीटें कम होने का भ्रम फैला कर नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध कर अपनी महिला विरोधी मानसिकता का खुलकर इजहार कर दिया है। मुश्ताक अहमद ने कहा कि देश के प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस के इस महिला विरोधी मानसिकता का मूल्य उन्हें चुकाना पड़ेगा। देश की महिलाएं आने वाले चुनाव में कांग्रेस को मजा अवश्य चखाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में देश व प्रांतों की भाजपा सरकारों द्वारा महिलाओं के हित में कदम उठाना उनके हाथ को मजबूत करना विपक्षियों को फूटी आंख नहीं भा रहा है।
मुश्ताक अहमद ने कहा कि पुरुषवादी मानसिकता वाली कांग्रेसी आज भी महिलाओं को पैर की जूती बनाकर रखना चाहती है, लेकिन हमारे प्रधानमंत्री मोदी जी को कतई यह मंजूर नहीं। वे आज नहीं तो कल महिलाओं को उनका हक दिलाकर रहेंगे। महिलाओं का 30 प्रतिशत आरक्षण वाला नारी शक्ति अधिनियम पास करवा कर छोड़ेंगे। मुश्ताक अहमद ने कहा कि कांग्रेसियों और विपक्षियों की महिला विरोधी मानसिकता का रुख महिला सशक्तिकरण की ओर जरूर मोड़ेंगे और देश में कहीं भी होने वाले चुनाव में महिलाएं कांग्रेस और महिला विरोधी मानसिकता वाले दलों को वोट न देकर मोदी जी की भाजपा के पक्ष में मतदान कर कांग्रेस और अन्य महिला विरोधी ताकतों को करारा जवाब देंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *