नेशनल हाईवे-30 पर भीषण सड़क हादसा: रायपुर से जगदलपुर आ रही बस पलटी, 9 घायल, एक का हाथ कटा
जगदलपुर। बस्तर संभाग के कोंडागांव जिले में नेशनल हाईवे-30 पर घोड़ागांव और जोबा के पास शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रायपुर से जगदलपुर आ रही दुबे ट्रैवल्स की बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में चालक रोशन साहू और नवीन सहित कुल 9 लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति का हाथ कटकर अलग हो गया, जिससे घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

घटना 25 अप्रैल को तड़के करीब 3 बजे की बताई जा रही है। गंभीर घायलों को ग्रामीणों की मदद से तत्काल जिला चिकित्सालय कोंडागांव पहुंचाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जगदलपुर के डिमरापाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि नेशनल हाईवे-30 पर वाहनों की तेज रफ्तार आम बात है और स्पीड लिमिट का पालन नहीं किया जाता, जिसके चलते आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इस ओर जिम्मेदारों का ध्यान नहीं जा रहा है।
