श्री रामलला दर्शन के लिए रवाना हुआ 87 तीर्थयात्रियों का जत्था
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित श्रीरामलला दर्शन अयोध्या धाम योजना के तहत 28 अप्रैल की शाम को बस्तर जिले के 87 तीर्थयात्रियों को टाउन हॉल के सामने बस से रवाना किया गया। यात्रियों को दुर्ग के लिए रवाना करते समय नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, रामलला यात्रा समिति के सदस्य रामाश्रय सिंह ने श्री रामलला दर्शन करने जा रहे यात्रियों को पुष्प भेंटकर शुभकामनाएं दी।
जिले में श्रीरामलला दर्शन योजना समिति के सदस्य रामाश्रय सिंह एवं अन्य अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यात्रा के पूर्व सभी यात्रियों के स्वास्थ्य की जांच भी की गई। जिले से विगत वर्ष से अब तक 1129 तीर्थयात्रियों को अयोध्या धाम यात्रा से लाभान्वित किया जा चुका है। इस अवसर पर जिला पंचायत अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं नोडल अधिकारी बीरेंद्र बहादुर सहित जिला पंचायत कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
