बकावंड की बेटियों की बड़ी कामयाबी, जिला स्तर पर टॉप-20 में जैबेल स्कूल की 5 बालिकाओं ने बनाई जगह
बकावंड। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 12वीं की परीक्षा में विकासखंड बकावंड की बेटियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जिला स्तरीय टॉप-20 की प्रावीण्य सूची में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जैबेल की 05 छात्राओं ने शानदार अंकों के साथ अपना परचम लहराया है।
प्राप्त परिणामों के अनुसार जिले की टॉप-20 सूची में स्थान बनाने वाली छात्राओं में जमुना पिता पूरन 93 प्रतिशत, रवीना पिता छबिलाल 92.5 प्रतिशत, देवकी पिता राजमन 91.4 प्रतिशत, अंकिता पिता मनबोध 91.4 प्रतिशत और पुष्पलता पिता पारेश्वर 90.80 प्रतिशत शामिल हैं।छात्राओं की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर यादव एवं विकासखंड स्रोत समन्वयक सोनसिंह बघेल के माध्यम से सभी छात्राओं को बधाई संदेश भेजकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं खंड स्रोत समन्वयक ने छात्राओं की इस सफलता पर उनके घर पहुंचकर हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने छात्राओं के साथ-साथ उनके माता-पिता और परिजनों को भी बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण अंचल की इन बेटियों ने सीमित संसाधनों के बावजूद उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया है। अधिकारियों ने विद्यालय के शैक्षणिक स्टाफ और प्राचार्य की मेहनत की भी सराहना की, जिनके मार्गदर्शन में छात्राओं ने यह गौरव हासिल किया है। इस उपलब्धि से जैबेल क्षेत्र में खुशी की लहर है और यह अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है।
