जिले के सभी ग्राम पंचायतो में 7 तारीख को चावल महोत्सव के साथ मनाया जाएगा रोजगार सह आवास दिवस



कवर्धा,,,कबीरधाम जिले के सभी 471 ग्राम पंचायतो में 7 तारीख को चावल महोत्सव के साथ रोजगार सह आवास दिवस का आयोजन होगा। इस दौरान ग्रामीणों को जल संरक्षण के साथ आजीविका संवर्धन,योजनाओं में पारदर्शिता, प्रधानमंत्री आवास निर्माण एवं समूह से जुड़कर व्यावसायिक गतिविधियों को आगे बढ़ने से संबंधित जानकारियां दी जाएगी। प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत स्वीकृत शत-प्रतिशत आवासों के निर्माण को अधिकतम 90 दिवस में पूर्ण कराने ग्रामीणों के साथ कार्ययोजना बनाने पर चर्चा होगी। साथ ही आवास हितग्राहियों को जारी राशि की जानकारी ग्रामीणों को दी जाएगी। आवास योजना में स्व-सहायता समूह की दीदियों को सामग्री आपूर्ति के माध्यम से आजीविका गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। रोजगार सह आवास दिवस के संबंध में जानकारी देते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कबीरधाम अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सोख्ता गढ्ढा सहित अन्य छोटे-छोटे कार्यों से वर्षा जल को संग्रहित करने के लिए ग्रामीणों को जागरूक करने पहल की जाएगी। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना अंतर्गत नवा तरिया आय के जरिया अभियान के लिए नए कार्यों की पहचान तथा इससे सृजित होने वाले आजीविका पर चर्चा की जाएगी। महात्मा गांधी नरेगा योजना में नए कार्यों को प्रारंभ कर अधिक से अधिक रोजगार देने पर बात होगी। सीईओ अभिषेक अग्रवाल ने आगे बताया कि आजीविका डबरी के माध्यम से आजीविका संवर्धन की गतिविधियों के लिए अन्य विभागों से मिलने वाले लाभ पर ग्रामीणों को जानकारी दी जाएगी। साथ ही पारदर्शिता के लिए मनरेगा और आवास की जानकारी हेतु ग्राम पंचायत में लगाए गए क्यूआर कोड को स्कैन करने की प्रक्रिया बताई जाएगी जिसके द्वारा विगत तीन वर्षो की जानकारी सहज रूप से उपलब्ध होगा। उल्लेखनीय है कि प्रत्येक माह की 7 तारीख को जिले के सभी ग्राम पंचायतो में चावल महोत्सव के साथ रोजगार एवं आवास दिवस का आयोजन होता है इस दौरान ग्रामीणों को शासन के निर्देशों तथा उनके फायदे के संबंध में विस्तृत जानकारी देकर योजनाओं का लाभ लेने प्रेरित किया जाता है। इसी क्रम में इस कार्यक्रम का आयोजन जिले के सभी 471 ग्राम पंचायतो में 7 मई को किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *