सर्व यादव समाज की बैठक सम्पन्न


कवर्धा,,,सर्व यादव समाज, जिला कबीरधाम की बैठक मंगलवार को आयोजित की गई, जिसमें समाज के संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण, युवाओं की सक्रिय भागीदारी और सामाजिक उत्थान को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि समाज का आम चुनाव 17 मई को आयोजित किया जाएगा। बैठक में बताए कि चुनाव का मुख्य उद्देश्य संगठन में पारदर्शिता लाना, नई नेतृत्व क्षमता को विकसित करना और युवाओं को जिम्मेदारी सौंपकर समाज को नई दिशा देना है। पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि युवा ही समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं, इसलिए उन्हें निर्णय प्रक्रिया में अधिक से अधिक शामिल किया जाएगा। बैठक में युवाओं की भूमिका को लेकर विशेष चर्चा हुई। समाज के पदाधिकारियों बताया कि समाज के विकास में युवाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। इसके लिए युवाओं को संगठन में जिम्मेदारी देने, उनके सुझावों को प्राथमिकता देने और नेतृत्व के अवसर प्रदान करने का निर्णय लिया गया। युवाओं ने भी समाज के कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का संकल्प लिया। बैठक में जिला अध्यक्ष राकेश यदु, पूर्व अध्यक्ष एनके यदु, कार्यवाहक अध्यक्ष ओम यदु, शिव नारायण यादव, विधायक प्रतिनिधि गोलू यादव, रामाधार यादव, नीलम यदु, भुवन लाल यादव, प्रेम यदु, संजय यादव, कनस यादव, धनीराम और प्रेम प्रकाश यादव सहित समाज के कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

शिक्षा को दी जाएगी प्राथमिकता
बैठक में शिक्षा के महत्व पर भी विशेष बल दिया गया। निर्णय लिया कि कक्षा 10वीं और 12वीं में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा। इसका उद्देश्य छात्रों को प्रोत्साहित करना और समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करना है। इसके अलावा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को भी सम्मानित किया जाएगा। साथ ही शिक्षा, खेल, प्रशासन और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाज के गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। इससे समाज में प्रेरणा का माहौल बनेगा और अन्य लोग भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित होंगे।

10 मई को होगी रणनीति बैठक
चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए 10 मई को एक विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में चुनाव की पूरी रूपरेखा तैयार की जाएगी, जिसमें जिम्मेदारियों का निर्धारण और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा। बैठक की विशेषता यह रही कि इसमें समाज के प्रबुद्धजनों के साथ बड़ी संख्या में युवाओं की सक्रिय उपस्थिति रही। सभी सदस्यों ने जय यादव, जय माधव का उद्घोष करते हुए समाज में एकता, शिक्षा के प्रसार, रोजगार के अवसरों के सृजन और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया। पदाधिकारियों ने समाज के सभी सदस्यों से आगामी चुनाव और सम्मान समारोह में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की बात रखी। उन्होंने कहा कि संगठित और जागरूक समाज ही विकास के पथ पर आगे बढ़ सकता है।

भवन के लिए जमीन की चर्चा
आगामी आयोजन व भविष्य को देखते हुए सर्व यादव समाज के लिए जमीन की मांग पर भी चर्चा की गई। जिस पर आगामी बैठक में सभी से सहमति के बाद विस्तार से रणनीति बनाने पर निर्णय लिया गया। पदाधिकारियों ने शहर व आसपास के स्थानों का भी अवलोकन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *