सर्वसुविधा युक्त बनेगा ‘‘सियान-सदन‘‘-चंद्रप्रकाश चंद्रवंशीवरिष्ठ नागरिकों को नगर पालिका कवर्धा की महत्तवपूर्ण सौगात

कवर्धा,,,शहर के वरिष्ठ नागरिकों के लिए नगर पालिका परिषद द्वारा एक महत्वपूर्ण सौगात के रूप में सर्वसुविधायुक्त ‘‘सियान सदन‘‘ भवन का भूमिपूजन नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर नगर पालिका की पूरी टीम, शहर के पेंशनर अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में वरिष्ठजन उपस्थित रहे।

वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर-चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी
नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने मंच से उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके सम्मान, सुविधा एवं सामाजिक सहभागिता के लिए नगर पालिका निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सियान सदन केवल एक भवन नहीं बल्कि वरिष्ठजनों के लिए सम्मान और आत्मीयता का केंद्र बनेगा, जहां वे अपने अनुभव साझा कर सकेंगे तथा विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग ले सकेंगे। वरिष्ठजनों की वर्षों पुरानी मांग को पूरी करते हुए उप उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 30 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है 30 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाला यह सियान सदन वरिष्ठ नागरिकों के लिए बैठक, सामाजिक गतिविधियों एवं विभिन्न सुविधाओं से युक्त एक विशेष केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दूरभाष के माध्यम से की चर्चा
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा आवश्यक कार्यवश उपस्थित नहीं हो सके, किन्तु उन्होंने दूरभाष के माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। नगर पालिका अध्यक्ष ने मंच से ही उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा से दूरभाष पर चर्चा करवाई, जिसके माध्यम से उप मुख्यमंत्री ने उपस्थित वरिष्ठजनों को संबोधित करते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान एवं सुविधाओं के लिए प्रतिबद्ध है तथा सियान सदन का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कर निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराया जाएगा। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दूरभाष पर ही मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं उप अभियंता को आवश्यक निर्देश देते हुए निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होगी।

इन सुविधाओं से परिपूर्ण रहेगा ‘‘सियान सदन‘‘
नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि सियान सदन भवन सर्वसुविधाय युक्त रहेगा। सियान सदन में बैडमिंटन कोर्ट, हॉल, लायब्रेरी, शतरंज एवं अन्य मनोरंजन के साधन के साथ-साथ बैटरी चलित ऑटो की व्यवस्था की जायेगी। जिसमें बजुुर्गो को घर से लाने एवं ले जाने की सुविधा मुहैया कराई जायेगी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों एवं पेंशनर अधिकारी-कर्मचारियों ने नगर पालिका परिषद एवं जनप्रतिनिधियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे कवर्धा शहर के लिए एक सराहनीय पहल बताया।
इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, पार्षद मनोज गुप्ता, सुनील साहू, योगेश चंद्रवंशी, सुरेन्द्र पाण्डेय, सौखी आहिरवार, दीपक सिन्हा, अनिल साहू, कैलाश कौशिक, हरीश कुंभकार, सोनु उपाध्याय, वरिष्ठ नागरिक मदन तंबोली, चंद्रहास सिंह ठाकुर, बलदाउ सोनी, एस.एस.जैन, प्रेमचंद श्रीश्रीमाल, भरत प्रसाद केशरी, मदन लाल चौहान, भंवरलाल लुनिया, डॉ.एन.के.यदु, प्रकाश कुमार गुप्ता, आदित्य श्रीवास्तव, कपिश कुमार यदु, मूलचंद देवांगन, नरोत्तम महोबिया, महेश महोबिया, गोरेलाल शुक्ला, मनहरण पांडे सहित अधिक संख्या में वरिष्ठजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *