नक्सलमुक्त बस्तर में खुलने लगे रोजगार के द्वार, 11 मई को राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप प्लेसमेंट कैंप
जगदलपुर। नक्सलमुक्त बस्तर में अब स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के द्वार खुलने लगे हैं। इसी कड़ी में बस्तर जिले के तकनीकी रूप से प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था बस्तर द्वारा महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। युवाओं को रोजगार और अप्रेंटिसशिप के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 11 मई सोमवार को राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जाएगा।
यह कैंप सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आईटीआई परिसर, बस्तर में आयोजित होगा। संस्था प्रबंधन के अनुसार इस प्लेसमेंट कैंप का मुख्य उद्देश्य तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर चुके युवाओं को विभिन्न कंपनियों एवं उद्योगों से जोड़ना है, ताकि वे अप्रेंटिसशिप के माध्यम से रोजगार हासिल कर अपने भविष्य को बेहतर बना सकें। कैंप में युवाओं का अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर पंजीयन भी किया जाएगा तथा उन्हें रोजगार संबंधी आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। बताया गया है कि कैंप में आईटीआई उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थियों के साथ-साथ 10वीं एवं 12वीं पास युवा भी भाग ले सकते हैं। इससे ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को भी रोजगार पाने का बेहतर अवसर मिलेगा। आयोजन को लेकर युवाओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।संस्था के प्राचार्य एवं नोडल अधिकारी डॉ. एके मांडले ने सभी इच्छुक अभ्यर्थियों से समय पर उपस्थित होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि युवा अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रति एवं छायाप्रति साथ लेकर आएं, ताकि पंजीयन एवं चयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
ये दस्तावेज होना जरूरी
प्लेसमेंट कैंप में पहुंचने वाले युवाओं के पास इन दस्तावेजों का होना जरूरी है – 10वीं एवं 12वीं की अंकसूची, आईटीआई प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो
और बायोडाटा। आईटीआई प्रबंधन ने बताया कि इस प्रकार के प्लेसमेंट कैंप युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं। शासन की मंशा है कि अधिक से अधिक प्रशिक्षित युवा रोजगार से जुड़ें और कौशल के आधार पर अपना भविष्य मजबूत करें।
