सड़क पर झूलती मौत, लोक निर्माण और विद्युत विभाग बने हुए हैं बेपरवाह


जगदलपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर नए बस स्टैंड और बोधघाट थाने के बीच करीब 500 मीटर के दायरे में सैकड़ों विद्युत कनेक्शन के तार सड़क पर झूल रहे हैं। इस मार्ग से हमेशा बड़ी बड़ी मालवाहक गाड़ियों का आना जाना लगा रहता है। इन वाहनों पर सामान काफी ऊंचाई तक लदा रहता है। इस कारण अक्सर झूलते विद्युत तार से सामान टकरा जाते हैं और तार टूट कर सड़क पर गिर जाते हैं।जिससे कभी भी बड़ी घटना घट सकती है।
इस बाबत मोहल्ले वालों ने बिजली विभाग, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम के साथ संबंधित अन्य विभागों में आवेदन दिया किंतु आज तक इस समस्या का निराकरण नहीं किया हो सका है। इंडस्ट्रीयल एरिया की रोड अलग होने के बाद भी लकड़ी लदे वाहन, ट्रैक्टर, किराना स्टोर का ओवरलोड सामान लाने के लिए अलग रोड शासन द्वारा बनाया गया है। फिर भी शॉर्ट कट के चक्कर में इन वाहनों द्वारा घरों के बिजली कनेक्शन वाले तारों को बार बार तोड़ दिया जाता है। एक बार टूटे तारों को जोड़ने का खर्च पांच हजार आता है। कई बार तो गूगल मैप के फेर में बाहरी कंटेनर, ट्रक बिना संकेत वाले हाईवे रोड पर न मुड़कर सीधे आवासीय रोड पर घुस जाते हैं। उससे भी नुकसान घर मालिकों को होता है। थाना, यातायात विभाग, पीडब्लूडी, आरटीओ, नगर निगम और जिला प्रशासन इन सबके लिए जिम्मेदार होने के बाद भी आम नागरिकों की परेशानी दूर नहीं हो पा रही है। रोड क्रॉस तार होने से साल में दस बारह बार घरेलू विद्युत कनेक्शन तार टूट ही जाते हैं। रोड क्रॉस कर कनेक्शन देने के बजाए रोड के दोनों किनारों पर पोल लगा कर भी घरेलू कनेक्शन देने से यह समस्या समाप्त हो सकता है। साथ ही संकेतक और गतिरोधक लगाना भी जरूरी है। कई बार ट्रकों और दीगर गाड़ियों से एक्सीडेंट भी हो चुका है। थाने पहुंचने के परेशानियों से बचने के लिए कुछ पैसा देकर मामला निपटाने की प्रवृत्ति के कारण किसी दिन बड़ा घटना न हो जाए इसलिए व्यवस्था में सुधार होना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *