बारिश से भीगा ग्रामीणों का सुखाया हुआ मक्का



जगदलपुर। बस्तर जिले की धुरगुड़ा पंचायत में किसानों की मेहनत पर अचानक बदले मौसम ने पानी फेर दिया। गांव के किसानों द्वारा कई दिनों की कड़ी मेहनत से खेतों से निकालकर सुखाया जा रहा मक्का अचानक हुई बारिश से पूरी तरह भीग गया। इस घटना के बाद किसानों की चिंता काफी बढ़ गई है, क्योंकि अब तैयार फसल खराब होने का खतरा मंडराने लगा है।
ग्रामीणों ने बताया कि मक्का की फसल को सुरक्षित भंडारण के लिए खुले स्थानों पर सुखाया जा रहा था। किसान दिन-रात मेहनत कर अनाज को पलट पलटकर सुखाने में लगे थे, ताकि उसे बाजार में अच्छे दाम पर बेचा जा सके। लेकिन अचानक मौसम बदल गया और तेज बारिश के कारण पूरा मक्का भीग गया। कई किसानों के घरों और आंगनों में रखा अनाज भी पानी की चपेट में आ गया। किसानों का कहना है कि लगातार नमी बने रहने से मक्का में फफूंदी लगने और दाने सड़ने का खतरा बढ़ गया है। जिससे बाजार में उचित कीमत मिलना मुश्किल हो जाएगा। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *