दल्ली राजहरा में सामाजिक विद्वेष का जहर घोल रहा है पालिका का कर्मचारी
दली राजहरा। नगर में बेशकीमती नजूल एवं सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ऎसी गतिविधियों को बढ़ावा देने में नगर पालिका के राजस्व विभाग के तथाकथित बुद्धिमान कर्मचारी की भूमिका पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है। अब तक यह कर्मचारी नगर में सामाजिक विद्वेष का जहर घोलने पर भी आमादा हो गया है।
शासकीय अधिकारी पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने स्थगन आदेश जारी करते हैं, मगर नगर पालिका के राजस्व विभाग के बुद्धिमान कर्मचारी सरकारी आदेश की परवाह नहीं करते हुए नगर पालिका सीएमओ के साथ मिलकर रोज नया अवैध कब्जे को प्रोत्साहित कर रहे हैं। इसी बुद्धिमान कर्मचारी की वजह से एक और कब्जे को लेकर बवाल मचने की संभावना बन गई है। नगर के आशा टॉकीज की जगह पर शुरू से काबिज व्यक्ति को मुगालते में रख कर दूसरे के नाम से वर्षों से काबिज दर्शाते हुए नगर पालिका के राजस्व विभाग ने रसीद काट दी है। पूर्व से काबिज व्यक्ति ने शासन से स्थगन आदेश प्राप्त कर लिया है, लेकिन उक्त बुद्धिमान कर्मचारी ने कुछ लोगों के साथ मिलकर जबरदस्ती उक्त जगह को कब्जाने का ऐलान कर दिया है। नगर पालिका का यह कर्मचारी अब नगर में सामाजिक विद्वेष फैलाने पर भी आमादा हो गया है। बता दें कि इससे पहले भी नगर के वार्ड 22 में महिला पुष्पा प्रसाद की जमीन पर इसी कर्मचारी ने एक अन्य महिला से अवैध कब्जा करा दिया है। इस जमीन पर पक्का मकान निर्माण कराया जा रहा।. इस मामले में एसडीएम और तहसील न्यायालय से स्थगन आदेश जारी होने के बाद भी नगर पालिका के ये बुद्धिमान कर्मचारी इस अवैध कब्जे और बेजा निर्माण में खुलकर सहयोग करते रहे हैं।
