9 अगस्त विश्व आदिवासी दिवस की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार
जगदलपुर, 05 जुलाई 2026।
विश्व आदिवासी दिवस (9 अगस्त) 2026 के सफल एवं ऐतिहासिक आयोजन को लेकर सर्व आदिवासी समाज की महत्वपूर्ण जिला स्तरीय बैठक शनिवार को सम्भागीय कार्यालय, नया पारा, जगदलपुर में सम्पन्न हुई। बैठक में बस्तर जिले के सातों ब्लॉकों में कार्यक्रम आयोजित करने, जिला स्तरीय रैली, सांस्कृतिक आयोजन, सामाजिक एकजुटता तथा संगठनात्मक तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
बैठक में पिछले वर्ष के आयोजन की समीक्षा करते हुए निर्णय लिया गया कि इस वर्ष विश्व आदिवासी दिवस को और अधिक व्यापक, अनुशासित एवं प्रभावशाली रूप में मनाया जाएगा। प्रत्येक ब्लॉक में संवैधानिक अधिकारों, जल-जंगल-जमीन, आदिवासी संस्कृति, पारम्परिक वेशभूषा, लोकनृत्य एवं जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद सभी ब्लॉकों के समाजजन जगदलपुर पहुँचकर जिला स्तरीय विशाल रैली एवं आमसभा में भाग लेंगे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक ब्लॉक अपने स्तर पर सहयोग राशि का संग्रह करेगा तथा जिला स्तरीय आयोजन के लिए ₹10,000 का सहयोग देगा। साथ ही पूर्व वर्षों के लगभग ₹2 लाख के बकाया व्यय के भुगतान हेतु भी सभी ब्लॉकों से सहयोग प्राप्त किया जाएगा।
जिला मुख्यालय जगदलपुर में आयोजित होने वाली विशाल रैली धरमपुरा कॉलेज मैदान से प्रारंभ होकर विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए प्रतापगंज पारा स्थित सभा स्थल पर सम्पन्न होगी, जहाँ विशाल आमसभा आयोजित की जाएगी।
जिला समन्वयक समिति के निर्णयानुसार प्रत्येक ब्लॉक में स्थानीय समन्वयक समिति का गठन किया जाएगा। सभी ब्लॉकों में बैठक आयोजित कर समाज के अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने, सहयोग राशि एकत्रित करने तथा कार्यक्रम की तैयारियों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि बस्तर जिले के सभी सातों ब्लॉकों में किसी प्रमुख चौक अथवा सार्वजनिक स्थल का चयन कर बस्तर के शहीद एवं वीर क्रांतिकारी महापुरुषों के नाम पर चौक का नामकरण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त समाज के सक्रिय पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का ब्लॉक एवं जिला स्तर पर सम्मान भी किया जाएगा।
विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय में संचालित सरकारी मदिरा दुकानों को बंद रखने की मांग पर भी सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया। वहीं छत्तीसगढ़ के शासकीय अस्पतालों में पैथोलॉजी सेवाओं के निजीकरण के विषय पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए समाज ने इसे आम जनता के हितों के विपरीत बताया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 12 जुलाई से 21 जुलाई 2026 के मध्य सभी ब्लॉकों में तैयारी बैठकें आयोजित कर कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद 19 जुलाई 2026 (रविवार) दोपहर 12:00 बजे सर्व आदिवासी समाज सम्भागीय कार्यालय, नया पारा, जगदलपुर में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक में सम्भागीय अध्यक्ष प्रकाश ठाकुर, हिड़मो मंडावी, जिला अध्यक्ष गांग नाग, युवा प्रभाग सम्भागीय अध्यक्ष संतु मौर्य, युवा प्रभाग अध्यक्ष बसंत कश्यप, जिला सचिव एम.के. राणा, सुमित पोयाम, कर्मचारी सम्भागीय अध्यक्ष जीवन सलाम, माखनलाल शोरी, लखेश्वर कश्यप, रूपचंद नाग, सुखदेव बघेल, ओमप्रकाश उइके, नरेश मरकाम, देवाराम, अनिल नाग, कमल नाग, हरिस, सी.आर. नाग, रहिस राम मौर्य, बामदेव भारती, टिकेश्वर नेताम, देवराज नेताम, तुलसी ठाकुर, नीलकंठ ठाकुर, भोला मरकाम, कमलेश, राजेन्द्र मांझी, कामेश राणा सहित सर्व आदिवासी समाज के अनेक पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।
