खेत में मोटर पंप का बिजली कनेक्शन जोड़ते समय करंट से पूर्व सरपंच की मौत
जगदलपुर/भानपुरी । बस्तर जिले के भानपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम कुम्हली में बुधवार दोपहर खेत में सिंचाई के दौरान एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से 40 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम कुम्हली निवासी एवं पूर्व सरपंच टीकम सिंह बघेल (40), पिता स्वर्गीय धनसिंह बघेल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार करीब 12:30 बजे टीकम सिंह बघेल अपने खेत में धान रोपाई के लिए सिंचाई करने पहुंचे थे। खेत में लगे मोटर पंप को चालू करने के लिए वे बिजली का कनेक्शन जोड़ रहे थे। इसी दौरान अचानक विद्युत प्रवाहित हो गई और वे करंट की चपेट में आ गए।
करंट लगते ही टीकम सिंह गंभीर रूप से झुलसकर खेत में गिर पड़े। उनकी आवाज सुनकर आसपास काम कर रहे किसान और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने तत्काल बिजली का संपर्क बंद कराया और उन्हें खेत से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि मृतक अपने परिवार के साथ खेती-किसानी का कार्य करते थे और गांव के पूर्व सरपंच भी रह चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही भानपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भानपुरी सिविल अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
