दीपक बैज को लेकर बदले टीएस बाबा के सुर



-अर्जुन झा-
जगदलपुर। अगर बड़े बुजुर्ग नेताओं का रुख ऐसा ही रहा, तो छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के और भी अच्छे दिन आने वाले हैं, यह पक्का है। ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के कामकाज, कार्यकाल, सक्रियता और व्यवहार की उनके धुर विरोधी माने जाने वाले छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव बाबा ने खुलकर तारीफ की है। बाबा ने कहा है कि दीपक बैज ने राज्य में कांग्रेस केनेटवर्क को जमीनी स्तर पर बेहद मजबूत कर दिया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के कार्यकाल के तीन साल पूरे हो गए हैं। इन तीन सालों में कांग्रेस ने कई उतार चढ़ाव देखे हैं। पार्टी में आंतरिक विरोध सार्वजनिक होते रहे हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव बाबा समेत कुछेक बड़े नेता गाहे बगाहे दीपक बैज का विरोध करते रहे हैं। कांग्रेस के ही कुछ लोगों को आदिवासी नेतृत्व सुहा नहीं रहा था। खुद श्री सिंहदेव युवा नेतृत्व की दुहाई देकर एक तरह से दीपक बैज के विरोध में आवाज उठा चुके हैं, जबकि दीपक बैज अभी पूर्णतः युवा हैं और ऊर्जा एवं जोश से लबरेज भी हैं। दिल्ली से लौटने के बाद अब अचानक बाबा के सुर बदल गए हैं। उन्होंने पीसीसी चीफ दीपक बैज के परफॉर्मेंस की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा है कि दीपक बैज जमीनी स्तर पर पार्टी का काम कर रहे हैं। संगठन सृजन अभियान को उन्होंने छत्तीसगढ़ में बेहद कामयाब बनाया है। बूथ, गांव, ब्लॉक लेवल से लेकर जिला स्तर तक कांग्रेस के नेटवर्क को उन्होंने बड़ा ही मजबूत बना दिया है। दीपक में नेतृत्व क्षमता, व्यवहार कुशलता, सबको साथ लेकर चलने की उत्कृष्ट भावना है। उनके नेतृत्व में कई बड़े और सफल आंदोलन हुए। हमने देखा है कि कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों पर होने वाली प्रशासनिक एवं राजनैतिक ज्यादती के विरोध में दीपक बैज तुरंत खड़े हो जाते हैं। उनकी इस शानदार कार्यशैली के कारण कार्यकर्ता जहां पूरे समर्पण भाव से पार्टी हित में काम करने लगे हैं, वहीं आम नागरिकों में कांग्रेस के प्रति लगाव बढ़ा है। कुल मिलाकर पार्टी की स्थिति अब काफी मजबूत हो चली है। वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव बाबा ने तीन वर्ष के सफल कार्यकाल के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को दिल से बधाई और शुभकामनाएं दीं।

छग पर दिल्ली में कोई हलचल नहीं
पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने ये बातें तब कही, जब मीडिया ने उनसे दीपक बैज के तीन वर्ष के कार्यकाल के बारे में उनकी प्रतिक्रिया जानना चाही। बाबा ने कहा कि दीपक बैज ऊर्जावान हैं, नेतृत्व क्षमता के धनी नेता हैं।. उनके कार्यकाल, कामकाज, संगठन क्षमता और व्यवहार पर उंगली नहीं उठाई जा सकती। कांग्रेस के राष्ट्रीय मुख्यालय में छत्तीसगढ़ में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चल रही गतिविधि को लेकर पूछे गए सवाल पर श्री सिंहदेव ने साफ कहा कि मैं अभी अभी दिल्ली से लौटा हूं। दिल्ली में ऎसी कोई हलचल दूर दूर तक दिखाई नहीं दी और न ही ऎसी कोई संभावना है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में कांग्रेस हाई कमान अभी पंचाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तरप्रदेश, राजस्थान जैसे चुनावी राज्यों पर फोकस कर रहा है। इसके बाद 2028 में छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। टीएस सिंहदेव बाबा की इन बातों से साफ संकेत मिल रहा है कि कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व भी दीपक बैज के परफॉर्मेंस से पूरी तरह संतुष्ट है और छत्तीसगढ़ विधानसभा का आगामी चुनाव उनके ही नेतृत्व में लड़ा जाएगा। बाबा की बातों से यह संदेश भी निकला है कि जब प्रतिद्वंदी ही आपके कार्य की तारीफ करे तो राजनीति में अधिक गहराई में उतर कर सोचना चाहिए कि अक्सर तारीफ के पुल बांधना भी एक राजनीतिक प्रतिद्वंदिता की ओर इशारा करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *