राम मंदिर को भाजपा ने बनाया राजनीति का माध्यम: अशोक फड़णवीस


राजनांदगांव। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व चेयरमैन अशोक फड़णवीस ने भाजपा पर भगवान श्रीराम और राम मंदिर के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि श्रीराम करोड़ों हिंदुओं की आस्था के केंद्र हैं लेकिन भाजपा उन्हें राजनीतिक लाभ और वोट बैंक के लिए इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने रामलला दर्शन योजना सहित कई मुद्दों पर राज्य सरकार और भाजपा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
श्री फड़णवीस ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के लोगों की आस्था भगवान श्रीराम में है किसी राजनीतिक दल में नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जब चुनाव आता है तब अयोध्या के राम मंदिर और भगवान श्रीराम के नाम का सबसे अधिक उपयोग करती है, जबकि बाकी समय उसकी प्राथमिकताएं अलग होती हैं। श्री फड़णवीस ने कहा कि जब छत्तीसगढ़ सरकार रामलला दर्शन के लिए विशेष ट्रेन संचालित करती है, तब स्टेशन पर भाजपा के जनप्रतिनिधि और नेता श्रद्धालुओं का स्वागत और विदाई करने पहुंचते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यह पूरा कार्यक्रम किस धन से संचालित किया जा रहा है और क्या जनता के पैसे का उपयोग राजनीतिक छवि चमकाने के लिए किया जा रहा है? उन्होंने कहा कि यदि भाजपा वास्तव में भगवान श्रीराम के प्रति श्रद्धा रखती है तो राम मंदिर से जुड़े किसी भी विवाद या अनियमितता पर भी उसे उतनी ही गंभीरता से प्रतिक्रिया देनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जब राम मंदिर से जुड़े आर्थिक अनियमितताओं के आरोप सामने आए, तब भाजपा और उसके नेताओं ने चुप्पी साध ली। श्री फड़णवीस ने कहा कि भाजपा, विश्व हिंदू परिषद और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने राम मंदिर आंदोलन को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया। उन्होंने दावा किया कि मंदिर निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा को लेकर सनातन परंपराओं और धार्मिक रीति-रिवाजों की अनदेखी की गई, जिससे करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुईं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भगवान श्रीराम को देश की सांस्कृतिक विरासत और करोड़ों लोगों की आस्था का प्रतीक मानती है। किसी भी राजनीतिक दल को धर्म और आस्था का उपयोग केवल सत्ता प्राप्ति के साधन के रूप में नहीं करना चाहिए। श्री फड़णवीस ने कहा कि जनता अब समझ चुकी है कि धर्म और आस्था के नाम पर राजनीति करने वालों ने हमे कितना लूटा है केवल व्यापार किया है ऐसा कौन सा क्षेत्र को छोड़ा है, जहां लोगों का हित हुआ है। सनातनी समझ गए हैं कि भाजपा और वास्तविक रूप से धार्मिक मूल्यों का सम्मान करने वालों में क्या अंतर है। उन्होंने कहा कि देश और छत्तीसगढ़ की जनता भगवान श्रीराम का सम्मान करती है और भविष्य में आस्था के नाम पर होने वाली राजनीति का उचित जवाब देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *