रेशम पालन में अनियमितताओं को लेकर बस्तर युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप ने सौंपा ज्ञापन
जगदलपुर। रेशम पालन (सेरीकल्चर) विभाग में हो रही अनियमितताओं और किसानों की समस्याओं को लेकर बस्तर युवा कांग्रेस ने विभाग को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप के नेतृत्व में सेरीकल्चर विभाग, जगदलपुर के अधिकारी को सौंपा गया।

ज्ञापन में बताया गया है कि बस्तर संभाग के विभिन्न क्षेत्रों में रेशम पालन योजना के अंतर्गत अनेक किसानों और बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन योजना के क्रियान्वयन में कई गंभीर कमियां और लापरवाहियां सामने आ रही हैं। इन कारणों से लाभार्थियों को योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। ज्ञापन में कुछ मुख्य समस्याओं का भी जिक्र किया गया है। बताया गया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशिक्षण शिविरों की संख्या सीमित है तथा जानकारी का अभाव है, लाभार्थियों को रेशम कीट पौधे और तकनीकी सहायता समय पर नहीं दी जा रही है, अधिकारियों की उदासीनता से कई किसानों को आर्थिक नुकसान हुआ है, योजनाओं का लाभ पात्र किसानों और युवाओं तक नहीं पहुंच रहा है। युवा कांग्रेस ने मांग की है कि सभी पात्र किसानों व युवाओं को योजनाओं की जानकारी पारदर्शी ढंग से दी जाए। प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर नियमित प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएं, गुणवत्तापूर्ण बीज, पौधे और तकनीकी सहायता समय पर उपलब्ध कराई जाए। साथ ही योजनाओं की निगरानी के लिए एक स्वतंत्र समिति का गठन किया जाए। युवा कांग्रेस ने आशा व्यक्त की कि विभाग शीघ्र कार्रवाई करेगा ताकि किसानों और युवाओं को वास्तविक लाभ मिल सके। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप, जिला सचिव विजय भारती, रामचंद्र एवं अन्य युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
