हर घर जल का दावा डूबा “सूखे” में, कवि आसना के 174 घरों में आज तक नहीं पहुंच पाया बूंद भर भी पानी
-अर्जुन झा-
जगदलपुर। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन बस्तर विकासखंड की ग्राम पंचायत कवि आसना में पूरी तरह भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है। हर घर नल से जल का दावा “सूखे” में डूब गया है। लोगों की प्यास बुझाने के लिए बनाई गई टंकी खुद प्यास से तड़प रही है। पाईप लाइनें गायब हो गई हैं। योजना की आड़ में अफसरों और ठेकेदार के गले जरूर तर हो गए हैं।

ग्राम में कवि आसना में लगाया गया जल जीवन मिशन के कार्यों से संबंधित बोर्ड खुद इस घोटाले की गवाही दे रहा है। बोर्ड पर लिखा है – ग्राम कवि आसना, विकासखंड बस्तर, जिला बस्तर, योजना का नाम – सिंगल विलेज स्कीम, कार्यादेश क्रमांक- 1217, दिनांक- 20.03.2023, कार्य की लागत – 60.12 लाख, निर्माण एजेंसी – सूर्योदय कंस्ट्रक्शन एंड ट्रेडर्स, जगदलपुर, प्रस्तावित कार्य- 40 किलो लीटर क्षमता 12 एम स्टार स्टेजिंग ओवर हेड टैंक, 3762 मीटर पाइप लाइन, 174 एफएचटीसी कनेक्शन। 60.12 लाख रुपए कागजों में ही खर्च हो गए, लेकिन जमीन पर हकीकत शून्य है। बोर्ड दीवार के सहारे जमीन पर पड़ा धूल खा रहा है। 40 किलो लीटरत की टंकी में आज तक पानी नहीं चढ़ पाया है। 3762 मीटर पाइपलाइन बिछाने का दावा सिर्फ कागजों में है। 174 घरों में कनेक्शन देना था, लेकिन एक भी घर में नल से जल नहीं पहुंचा।
फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
कवि आसना गांव की देवकी बाई, सुकमन और ग्रामीणों ने कहा- हम 3 साल से सुनते आ रहे हैं कि हर घर में नल से जल आएगा।मगर आज तक हमें नल का एक बूंद भी पानी नसीब नहीं हुआ है।रोज 2 किमी दूर नदी और कुएं से पानी लाते हैं। बोर्ड पर 60 लाख लिखा देखकर लगता है पैसा कहां गया? बच्चों के स्कूल जाने से पहले पानी भरने जाना पड़ता है। महिलाओं का आधा दिन पानी ढोने में ही बीत जाता है।
अधिकारी क्यों हैं खामोश?
निर्माण एजेंसी सूर्योदय कंस्ट्रक्शन ने 2023 में काम शुरू किया था, लेकिन काम अधूरा छोड़ दिया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी आंख मूंदे बैठे हैं। न जांच, न कार्रवाई।
बस्तर आदिवासी युवा जिला अध्यक्ष लखेश्वर कश्यप ने कहा कि बस्तर का शोषण बहुत किए अब नहीं सहा जाएगा। लखेश्वर कश्यप और ग्रामीणों ने कलेक्टर बस्तर और सीईओ जिला पंचायत से मांग की है कि 60.12 लाख के इस खेल की जांच हो और दोषी ठेकेदार और अधिकारी पर एफआईआर दर्ज हो।
