छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ बीजापुर ने माननीय मुख्यमंत्री के नाम 9 सूत्रीय मांग पत्र ज्ञापन सौंपा
बीजापुर :- छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ जिला बीजापुर ने आज भोजनावकाश में 9 सूत्रीय मांग पत्र माननीय मुख्यमंत्री छ. ग. शासन एवं मुख्य सचिव के नाम जिला कलेक्टर बीजापुर के माध्यम से संगठन के जिला अध्यक्ष बीरा राजबाबू के नेतृत्व में संघ के पदाधिकारियों सहित ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बीजापुर जागेश्वर कौशल को सौंपा। संघ द्वारा पूर्व में दिनांक 18 जून 2025 को मोदी की गारंटी के नाम पर कर्मचारियों के लिए की गई घोषणा को लागू करने हेतु ध्यानाकर्षण ज्ञापन सौंपा गया था लेकिन निराकरण नहीं होने के कारण क्षुब्ध होकर पूरे प्रदेश में आज पुनः ध्यानाकर्षण ज्ञापन सौंपने का प्रांतीय पदाधिकारियों ने निर्णय लिया जिसके परिपालन में जिला बीजापुर में मांग पत्र सौंपा गया। संघ द्वारा 9 सूत्रीय मांग में छत्तीसगढ़ राज्य के कर्मचारियों एवं पेंशनरों को केंद्रीय कर्मचारियों की भांति देय तिथि से मंहगाई भत्ता तथा पेंशनरों को महंगाई राहत दिया जावे व डी ए एरियर्स की राशि जी पी एफ खाते में समायोजित किया जावे। केंद्रीय कर्मचारियों एवं अविभाजित मध्यप्रदेश के कर्मचारियों की भांति सेवानिवृत्ति पर छत्तीसगढ़ शासन के कर्मचारियों को भी 240 दिन के स्थान पर 300 दिन का अवकाश नगदीकरण आदेश जारी किया जाए। संविदा, दैनिक,अनियमित कर्मचारियों को रिक्त पदों पर नियमित किया जावे तथा मध्यप्रदेश की भांति सेवा सुरक्षा सुनिश्चित किया जावे। प्रदेश के सभी संवर्गों के अधिकारी/कर्मचारियों को सेवाकाल में 4 स्तरीय वेतनमान संबंधी आदेश शीघ्र जारी किया जावे। प्रदेश के सहायक शिक्षकों को वेतन विसंगति दूर किया जावे। शिक्षक/लिपिक सहित विभिन्न संवर्गों के वेतन विसंगति दूर करने हेतु गठित समिति का प्रतिवेदन यथाशीघ्र प्रकाशित कर लागू किया जावे। प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना करते हुए शिक्षक एल. बी. संवर्ग को समस्त सेवा का लाभ दिया जावे। उत्तर प्रदेश की भांति छत्तीसगढ़ अधिकारी/कर्मचारियों एवं पेंशनरों को कैशलैस चिकित्सा सुविधा एवं बोनस दिया जाए। प्रदेश के अनुकंपा नियुक्ति की 10 प्रतिशत सीलिंग समाप्त करते हुए अनुकम्पा नियुक्ति के सभी पदों पर अनुकंपा नियुक्ति किया जाए। संघ के प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष बीरा,अधिकारी/कर्मचारी फेडरेशन के जिला अध्यक्ष एवं संघ के जिला संरक्षक मोहम्मद ज़ाकिर खान, फेडरेशन के जिला सचिव कैलाश रामटेके, सहायक शिक्षक फेडरेशन के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं संघ के उपाध्यक्ष राजेश मिश्रा एवं वर्तमान अध्यक्ष एवं संघ के उपाध्यक्ष महेश यालम, सह सचिव रमन झा, महामंत्री के जी भुनेश्वर, संगठन मंत्री एवं संभागीय सचिव नारायण मूर्ति, संगठन सह सचिव मनोज कोंड्रा, राकेश गिरी, ब्लॉक कोषाध्यक्ष सोनाधर मांझी, महिला प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष प्रियंका देहारी,महिला बाल विकास से सपना मोरला, सावित्री मिरी, गीता कन्नौजे, उपस्थित रहे। ज्ञापन सौंपने के पश्चात संघ के बैनर तले जिन्दाबाद के नारे लगाकर ज्ञापन कार्यक्रम को सफल बनाया। इसी तारतम्य में भोपालपटनम ब्लॉक में भी मुख्य जिला संरक्षक ए सुधाकर एवं जिला व ब्लॉक पदाधिकारियों के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा गया।
