शराब घोटाले की बला से मुक्ति के लिए भाजपा की शरण में कांग्रेस नेता



अर्जुन झा-
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बहु चर्चित शराब घोटाला मामले में ईडी की रडार में आए बस्तर संभाग के सुकमा जिले के कुछ कांग्रेसी नेताओं के भाजपा के बड़े नेताओं के संपर्क में होने की खबर है। चर्चा है कि ये कांग्रेस नेता भाजपा की वाशिंग मशीन में अपना दाग धोने की फिराक में हैं। सूत्र बताते हैं कि इन कांग्रेस नेताओं की भाजपा नेताओं के संग रायपुर के एक होटल में बैठक भी हो चुकी है और डील पक्की मानी जा रही है।
शराब घोटाला मामले में जेल में बंद पूर्व आबकारी मंत्री एवं कोटा विधायक कवासी लखमा के कई करीबी नेता, अधिकारी, ठेकेदार के ठिकानों पर ईडी का रेड पड़ी थी। सुकमा नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष का ठिकाने पर भी इंडी ने दबिश दी थी। इनके ठिकानों से संदिग्ध डायरी और कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगने की चर्चा है।। जिन कांग्रेस नेताओं के ठिकानों पर ईडी का रेड पड़ी थी, उनमें से एक दागी नेता को दो दिन पहले सुकमा के कुछ भाजपा नेता राजधानी ले गए थे। वहां एक मंत्री से इस कांग्रेस नेता की मुलाकात कराई गई। ऐसी खबर भी है कि राजधानी में सिविल लाईन स्थित एक होटल में कांग्रेस नेता के साथ बैठक कर उसे संकट से उबारने भाजपा नेता जुट गए हैं। कहा जा रहा है कि इस कांग्रेस नेता के साथ भाजपा के कुछ नेता हैदराबाद के रास्ते दिल्ली गए हैं। हाल ही में राजधानी के एक होटल में कांग्रेस और भाजपा के नेता साथ-साथ देखे गए थे। इसे लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। सूत्रों से यह जानकारी मिली कि इस दागी कांग्रेस नेता को भाजपा में शामिल कराने की तैयारी की जा रही है।
ज्ञातव्य हो कि छत्तीसगढ़ में 2 हजार करोड़ से अधिक के शराब घोटाला मामले में पूर्व आबकारी मंत्री एवं कोटा विधायक कवासी लखमा सहित कई अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है। इस मामले में पूर्व आबकारी मंत्री सहित कई आरोपी जेल में हैं जो बाहर आने के लिए दिन गिन रहे हैं लेकिन अब तक उन्हें राहत नहीं मिल पाई है। इस मामले में संलिप्त कईअधिकारी और नेता सत्ताधारी दल के नेताओं के संपर्क में हैं ताकि उन्हें राहत मिल सके।

वाशिंग मशीम से उम्मीद
ईडी की रेड से सुकमा नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष भी अछूते नहीं थे। वे पूर्व मंत्री के बेहद करीबी माने जाते हैं। कहा जाता है कि वही लेन-देन का लेखा जोखा रखते थे। ईडी पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष को कई बार पूछताछ के लिए तलब कर चुका है। विशेष सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कार्रवाई से बचने उक्त नेता भाजपा की वाशिंग मशीन कासहारालेनेकीपुरजोरकोशिश कर रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हाल ही में सुकमा के दो भाजपा नेता एक होटल कारोबारी पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष को लेकर राजधानी गए थे। वहां उनकी सरकार के एक कद्दावर मंत्री से मुलाकात कराई गई थी। सुकमा के भाजपा-कांग्रेस के नेता राजधानी स्थित सिविल लाईन इलाके के होटल में देखे गए थे जिसकी चर्चा राजधानी से लेकर सुकमा तक भाजपा नेताओं के बीच है। भाजपा के एक नेता ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि सुकमा के कुछ स्थानीय नेता कांग्रेस के दागी नेताओं को भाजपा प्रवेश कराने की कवायद में जुटे हैं। इससे स्थानीय कई नेता नाराज भी चल रहे हैं।

नगर पालिका में भी बड़ा घोटाला
जिस पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष के ठिकानों पर ईडी की रेड पड़ी थी आज भाजपा के कुछ नेता उसका गुणगान करते फिर रहे हैं। हकीकत यह है कि सुकमा नगर पालिका के पांच वर्ष के कार्यकाल की जांच कराई जाए तो एक बड़ा घोटाला और उजागर हो सकता है। खबर है कि कई स्वीकृत कार्य के नाम से राशि तो निकाली जा चुकी है, लेकिन धरातल पर कार्य आज भी अधूरे पड़े हैं। ऐसे अधूरे कार्यों पर सुकमा जिला प्रशासन की नजर तक नहीं पड़ती। उधर 100 करोड़ के भ्रष्टाचार के दागी कोंटा जनपद के पूर्व सीईओ पर कार्रवाई न होने को लेकर भी भाजपा में बगावत के आसार बढ़ते जा रहे हैं। इस मामले की शिकायत भाजपा के ही लोगों ने की थी। मामले की शिकायत केन्द्रीय सचिव से की गई है। 3 शासकीय कर्मचारियों की हत्या में संलिप्तता की आंशका जाहिर करते हुए मामले की शिकायत डीजीपी से भी की गई है। ऐसे दागी अधिकारी को बचाने सुकमा जिला संगठन प्रमुख ने प्रदेश संगठन से बगावत कर ऐसे अधिकारी को सुकमा से तबादला होने पर रोक लगाई हैं। जो वर्तमान में उद्योग विभाग में पदस्थ हैं। एक बार फिर जिला संगठन के संरक्षण में एक दागी नेता पर भी मेहरबानी की जाने की चर्चा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *