विकसित छत्तीसगढ़ की नींव रखने वाला दूरदर्शी बजट – जी. वेंकट
बस्तर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में प्रस्तुत वर्ष 2026-27 के राज्य बजट को लेकर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जी.वेंकट ने इसे विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में ऐतिहासिक और दूरदर्शी बजट बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज़ नहीं, बल्कि प्रदेश को आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक रूप से सशक्त बनाने का स्पष्ट रोडमैप है।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि बजट में माताओं-बहनों, बेटियों, युवाओं, किसानों, श्रमिकों और आदिवासी समाज सभी के हितों को प्राथमिकता दी गई है। रायपुर में मेट्रो-होम्योपैथी अस्पताल की स्थापना, महिलाओं के लिए रजिस्ट्री शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट, बेटियों के 18 वर्ष पूर्ण करने पर आर्थिक सहायता जैसी घोषणाएं महिला सशक्तिकरण को नई गति देंगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा और युवाओं के लिए बजट में विशेष प्रावधान किए गए हैं। छात्र-छात्राओं के लिए हॉस्टल सुविधा का विस्तार, एजुकेशन सिटी की परिकल्पना, स्किल डेवलपमेंट और रोजगारोन्मुखी योजनाएं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाएंगी। युवाओं के स्टार्ट-अप और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए की गई वित्तीय घोषणाएं भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर की गई हैं।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि बजट में आदिवासी अंचलों, विशेषकर बस्तर और सरगुजा जैसे पिछड़े क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया है। इन क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सड़कों और कनेक्टिविटी पर 2024 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। दूर-दराज़ और अंदरूनी इलाकों को राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों से जोड़ने, पुल-पुलियों के निर्माण, सिंचाई, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए बड़े प्रावधान यह दर्शाते हैं कि सरकार संतुलित और समावेशी विकास के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
नगरीय विकास की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि रायपुर में मेट्रो परियोजना, शहरी अधोसंरचना के विस्तार, ट्रैफिक और परिवहन सुधार तथा आवास योजनाओं के लिए बजट में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। इससे शहरों को आधुनिक स्वरूप मिलेगा और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन और रोजगार सृजन पर केंद्रित बजट प्रावधान छत्तीसगढ़ को आर्थिक रूप से मजबूत बनाएंगे। किसानों के लिए सिंचाई परियोजनाओं, कृषि अवसंरचना और ग्रामीण विकास पर बढ़ा हुआ खर्च ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट ज्ञान, गति और संकल्प के साथ छत्तीसगढ़ को आगे बढ़ाने वाला बजट है। आने वाले वर्षों में इसके सकारात्मक परिणाम ज़मीन पर स्पष्ट रूप से दिखाई देंगे। अंत में उन्होंने कहा कि यह बजट वास्तव में विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने वाला बजट है।
