बीजापुर के विकास को नई उड़ान: मट्टीमरका में 110 करोड़ की सौगात से सिंचाई और पर्यटन को मिलेगा अभूतपूर्व बल- महेश गागड़ा
बीजापुर/छत्तीसगढ़ विधानसभा में वर्ष 2026-27 के बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत बजट में बीजापुर जिले के लिए ऐतिहासिक घोषणा की गई। जिले की जीवनरेखा कही जाने वाली इन्द्रावती नदी पर स्थित मट्टीमरका क्षेत्र में 110 करोड़ रुपये का बजट डायवर्सन स्वीकृत किया गया है। यह राशि सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और पर्यटन विकास को गति देने के उद्देश्य से प्रदान की गई है।
यह घोषणा बीजापुर जैसे सुदूर वनांचल और आदिवासी बहुल जिले के लिए विकास का नया अध्याय मानी जा रही है।
सिंचाई को मिलेगा सशक्त आधार – पूर्व मंत्री
मट्टीमरका परियोजना के तहत इन्द्रावती नदी के जल का बेहतर उपयोग कर आसपास के कृषि क्षेत्रों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे स्थानीय किसानों को वर्षभर खेती की संभावना बढ़ेगी, फसल उत्पादन में वृद्धि होगी और आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। लंबे समय से सिंचाई संसाधनों की कमी झेल रहे ग्रामीण अंचलों के लिए यह बजट बड़ी राहत लेकर आया है।
पर्यटन को मिलेगा नया आयाम- गागड़ा
बीजापुर जिला प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण है — घने वन, ऊंचे पहाड़, कल-कल बहती नदियां और मनोहारी दृश्य यहां की पहचान हैं। मट्टीमरका क्षेत्र में पर्यटन अवसंरचना के विकास से इन्द्रावती नदी के किनारे प्राकृतिक पर्यटन, ईको-टूरिज्म और साहसिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे ।
अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी
पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने जताया आभार
पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने इस ऐतिहासिक बजट प्रावधान के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय व वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह राशि बीजापुर के चहुंमुखी विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि पर्यटन और सिंचाई दोनों क्षेत्रों में यह निवेश जिले की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
आदिवासी बहुल अंचल के लिए विकास की नई आशा
बीजापुर एक आदिवासी बहुल जिला है, जहां अब तक भौगोलिक विषमताओं और संसाधनों की कमी के कारण विकास की गति सीमित रही है। ऐसे में 110 करोड़ रुपये का यह प्रावधान न केवल बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगा, बल्कि सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन का आधार भी बनेगा।
स्थानीय नागरिकों में इस घोषणा को लेकर उत्साह का माहौल है
स्थानीय नागरिकों में इस घोषणा को लेकर उत्साह का माहौल हैं और उम्मीद की जा रही है कि मट्टीमरका परियोजना के क्रियान्वयन से बीजापुर आने वाले वर्षों में पर्यटन मानचित्र पर एक प्रमुख स्थान हासिल करेगा और कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ेगा।
बीजापुर के सुदूर वनांचल में विकास की यह नई किरण आने वाले समय में समृद्धि और खुशहाली का मार्ग प्रशस्त करेगी।
