अटैचमेंट पर प्रहार शुरू, लोहंडीगुड़ा बीएमओ भी एक्शन मोड में
जगदलपुर। शासन द्वारा संलग्नीकरण समाप्त करने के बाद अब उन कर्मचारियों, जो अपने मूल पदास्थापना वाली जगह को छोड़ अन्य जगह संलग्न है उन्हें उनकी मूल जगह पर वापस भेजने की कवायद बस्तर जिले में शुरू हो गई है। लोहंडीगुड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीएमओ ने भी कई कर्मचारियों को उनकी पुरानी जगह में तत्काल ज्वाइनिंग के लिए कहा है।
लोहंडीगुड़ा के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर ने संलग्न कर्मचारियों को जारी नोटिस में मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी के पत्र का हवाला देते हुए कहा है कि चूंकि शासन द्वारा अब तत्काल प्रभाव से सलंग्नीकरण समाप्त किया गया है अतः जल्द से जल्द मूल पद पर लौटकर अपना कार्यभार संभाल लें। विदित हो कि बीएमओ बकावंड नेडॉ. हरीश मरकाम ने भी अपने कार्यक्षेत्र के संलग्न कर्मचारियों को पत्र लिख कर तत्काल अपने मूल स्थान पर आने या जाने को कहा है। मिली जानकारी के अनुसार बस्तर जिले में सैकड़ों नियमित और संविदा कर्मचारी स्वयं को अपनी मनपसंद जगह पर संलग्न करा कर सालों से सुख साधन के मजे लेते रहे हैं। सूत्र यह भी बताते हैं कि सलंग्नीकरण के लिए इन कर्मचारियों ने मोटी रकम देकर मन पसंद जगह पर अपनी तैनाती कराई थी।
अब सीएमएचओ और सभी बीएमओ के कड़े एक्शन के बाद इन कर्मचारियों की नींद उड़ गई है।
