सीईओ की लापरवाही से बन आई है दर्जनों लोगों की जान पर
बकावंड। ब्लॉक मुख्यालय स्थित मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत के कार्यालय परिसर में लगा सालों पुराना भारी भरकम सेटेलाइट टॉवर पास ही स्थित खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के भवन पर गिर गया है। लगभग 20 क्विंटल से भी ज्यादा वजनी भारी भरकम टॉवर को उठवा कर सुरक्षित जगह पर रखवाने की पहल जनपद सीईओ नहीं कर रहे हैं। औंधे मुंह गिरा यह टॉवर किसी भी दिन बड़ी जनहानि का कारण बन सकता है।

लगता है जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहे हैं। यह टॉवर सन 2003 में स्थापित किया गया था। यह टॉवर खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बिल्डिंग पर जा गिरा है। उसे उठाने के लिए अभी तक कोई कदम नहीं उठाया गया है उसे बिल्डिंग से टावर को नहीं हटाया गया है। खंड शिक्षा के अधिकारी और उनके कार्यालय के तमाम कर्मचारी बड़े खतरे के बीच काम करने मजबूर हैं। खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में रोजाना पचासों शिक्षकों का आना जाना लगा रहता है। ऐसे में कार्यालय भवन पर गिरा लोहे का विशाल टॉवर किसी भी क्षण बड़ी अनहोनी का कारण बन सकता है।
