उठ गया 6बच्चों के सिर से पिता का साया, हादसों में 3 की मौत
जगदलपुर। बस्तर जिले में बीती रात हुई एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में छह मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। बस्तर के बास्तानार ब्लॉक के दो व्यक्तियों की हादसे में मृत्यु हो गई।
बास्तानार ब्लॉक मुख्यालय के समीप स्थित बड़े किलेपाल हाई स्कूल के सामने कल रात्रि 7-8 बजे के करीब एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई, जिसमें दो लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति की मौत कांटा कांदा पखनार के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि किलेपाल हाई स्कूल के सामने की दुर्घटना में बामन मंडावी (29वर्ष) और झीलू मांडवी (40वर्ष) की जान चली गई। अपने ड्राइवर के साथ बामन मंडावी अपने निवास किलेपाल जुन्नाटप्पा बेट्टी पारा से शिवा हार्डवेयर किलेपाल नागर फाल लेने आए थे। हाई स्कूल के सामने नेशनल हाईवे 63 पर ट्रैक्टर खड़ा कर बामन मंडावी और झिलू ट्रैक्टर पर ही बैठे थे, तभी पीछे से आए एक तेज रफ्तार पिकअप ने खड़े ट्रैक्टर को टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर पलट गया और उसमें सवार बामन और झिलू की मौके पर ही मृत्यु हो गई। किलेपाल जूनाटप्पा बेटीपारा निवासी बामन मांडवी (29 वर्ष) के तीन मासूम बच्चे हैं असील मंडली (12वर्ष), करिश्मा (9वर्ष), और एक छोटी बेटी जिसका नामकरण नहीं हुआ है। वहीं झिलू मांडवी (34 वर्ष) के बच्चे अमित मंडावी (13 वर्ष), अरुण मांडवी (10 वर्ष), और अंजलि मांडवी (6 वर्ष) अब अनाथ हो गए हैं। वहीं एक अन्य घटना में पालानार निवासी कैलाश यादव (30 वर्ष) की मृत्यु ho गईं। कैलाश पालानार से सुबह 5 बजे मुर्गी लेने के लिए केशलूर जा रहा था। काटा कांदा और डिलमिली के बीच एक इनोवा कार ने उसे टक्कर मार दी। उसकी मौत हो गई। कैलाश यादव घर का एकलौता पुत्र था। उसकी 6वर्ष की एक बच्ची कृतिका यादव है। आज सुबह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़े किलेपाल के बीएमओ डॉ. प्रदीप बघेल द्वारा तीनों शवों का पोस्टमार्टम किया गया। इसके पश्चात शव परिजनों को सौंप दिए गए। किलेपाल में हुई दुर्घटना को अंजाम देने वाला पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 18 एच 0978 जगदलपुर से भैरमगढ़ जा रहा था। उस पर किराने का सामान लोड था। पिकअप के घायल ड्राइवर को किलेपाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद डिमरापाल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
