जन आक्रोश महिला सम्मेलन: महिला अधिकारों के सवाल पर भाजपा महिला मोर्चा का प्रखर स्वर

कवर्धा,,,भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा, जिला कबीरधाम द्वारा मंगलवार, 28 अप्रैल 2026 को भाजपा जिला कार्यालय कवर्धा में जन आक्रोश महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह सम्मेलन लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम से जुड़े प्रस्तावित संशोधनों के पारित न हो पाने के विरोध में आयोजित किया गया, जिसमें महिला अधिकारों और राजनीतिक प्रतिनिधित्व के मुद्दे पर जोरदार आवाज उठाई गई।

कार्यक्रम प्रदेश अध्यक्ष माननीया श्रीमती विभा अवस्थी के निर्देशानुसार, भाजपा जिलाध्यक्ष माननीय राजेंद्र चंद्रवंशी की सहमति तथा भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष विजयलक्ष्मी तिवारी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। सम्मेलन में मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में भावना बोहरा पंडरिया विधायक विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली।

अपने संबोधन में विधायक भावना बोहरा जी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में सशक्त भागीदारी दिलाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा किए गए ऐतिहासिक प्रयास देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत कर रहे हैं।

वहीं महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष विजयलक्ष्मी तिवारी ने महिला आरक्षण से जुड़े मुद्दे पर तीखा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं को उनका वैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकार देने में जो भी बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं, वह लोकतंत्र की भावना के विपरीत है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि महिला शक्ति के अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और इसके लिए संघर्ष की आवाज निरंतर बुलंद की जाएगी।

सम्मेलन के दौरान उपस्थित महिला कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में संकल्प लिया कि महिलाओं के सम्मान, अधिकार और राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आंदोलन और जनजागरण का अभियान लगातार जारी रखा जाएगा।

उल्लेखनीय है कि सम्मेलन में महिलाओं की भारी भागीदारी और जोश ने यह स्पष्ट कर दिया कि अब नारी शक्ति अपने अधिकारों के प्रश्न पर पूरी तरह जागरूक और मुखर है। कार्यक्रम उत्साह, एकजुटता और संकल्प के वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *