बस्तर के बोर्ड परीक्षा परिणामों में ऐतिहासिक सुधार



जगदलपुर छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा आयोजित वर्ष 2026 की हाईस्कूल और हायर सेकंडरी बोर्ड मुख्य परीक्षाओं के परिणामों में बस्तर जिले ने सफलता के नए प्रतिमान स्थापित किए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार इस वर्ष हाईस्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा में जिले का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 90.60 रहा, जबकि हायर सेकंडरी में विद्यार्थियों ने और भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए 92.34 प्रतिशत सफलता हासिल की है। यह परिणाम न केवल जिले की शैक्षणिक प्रगति को दर्शाते हैं, बल्कि पिछले वर्ष की तुलना में एक बड़ी उपलब्धि की ओर भी इशारा करते हैं।
बस्तर के जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल के मुताबिक तुलनात्मक रूप से देखा जाए तो वर्ष 2026 में हाईस्कूल के उत्तीर्ण प्रतिशत में 1.78 प्रतिशत और हायर सेकंडरी के परिणाम में 4.96 प्रतिशत की उत्साहजनक वृद्धि दर्ज की गई है। जिले के विद्यार्थियों के इस प्रदर्शन में सबसे उल्लेखनीय पहलू गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की ओर बढ़ता झुकाव है, जिसका प्रमाण प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होने वाले छात्रों की बढ़ती संख्या है। इस वर्ष हाईस्कूल में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों के प्रतिशत में गत वर्ष की तुलना में 13.20 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, वहीं हायर सेकंडरी में यह वृद्धि और भी प्रभावी रही, जहां 21.97 प्रतिशत अधिक छात्रों ने प्रथम श्रेणी में स्थान प्राप्त किया। आंकड़ों का विश्लेषण करने पर स्पष्ट होता है कि दोनों ही स्तरों पर छात्राओं ने छात्रों की तुलना में बाजी मारी है। हाईस्कूल की परीक्षा में जहां 88.08 प्रतिशत बालक सफल हुए, वहीं बालिकाओं का प्रतिशत 92.97 रहा। इसी तरह हायर सेकंडरी परीक्षा में 90.78 प्रतिशत बालकों की तुलना में 93.60 प्रतिशत बालिकाओं ने सफलता का परचम लहराया है। जिले की इस सामूहिक सफलता में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों का योगदान रहा। हाईस्कूल की परीक्षा के लिए 8,842 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 7,992 छात्र सफल घोषित किए गए। वहीं हायर सेकंडरी में कुल 6,977 प्रविष्ट परीक्षार्थियों में से 6,433 छात्रों ने परीक्षा उत्तीर्ण की। इन परिणामों में प्रथम श्रेणी में आने वाले छात्रों की संख्या भी काफी अधिक है, जिसमें हाईस्कूल के 4,990 विद्यार्थी और हायर सेकंडरी के 4,392 विद्यार्थी शामिल हैं। जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल ने इन शानदार परिणामों को क्षेत्र में शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता और शिक्षकों के अथक प्रयास का परिणाम निरूपित किया है। श्री बघेल ने कहा है कि कलेक्टर आकाश छिकारा और जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन के निर्देशानुसार जिले में कक्षा दसवीं एवं बारहवीं में अध्ययनरत बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने सहित उन्हें परीक्षा के लिए बेहतर तैयारी करने का अवसर उपलब्ध कराया गया, जिसके फलस्वरूप यह सकारात्मक परिणाम हासिल हुआ है। इस उपलब्धि ने बस्तर जिले को प्रदेश के शैक्षणिक मानचित्र पर एक गौरवशाली स्थान दिलाया है। बस्तर संभाग के आयुक्त डोमन सिंह, कलेक्टर आकाश छिकारा, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, संयुक्त संचालक शिक्षा एचआर सोम और जिला शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी हैं। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल ने कहा है कि कलेक्टर श्री छिकारा, जिला पंचायत सीईओ श्री जैन और संयुक्त संचालक श्री सोम के मार्गदर्शन में हम आगे भी बेहतर परिणाम लाने के लिए भरसक प्रयास करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *