बकावंड ब्लॉक में नल-जल योजना पर काम शुरू, पारा-मोहल्लों में पाइप लाइन खुदाई जारी
बकावंड। ग्राम पंचायत बकावंड में व्याप्त जल संकट की खबर प्रकाशित होने के बाद बकावंड ब्लॉक में जल जीवन मिशन और नल-जल योजना के अटके कार्यों को तेजी से अंजाम देना शुरू कर दिया गया है। पारा-मोहल्लों में पाइपला इन बिछाने के लिए खुदाई का कार्य शुरू हो गया है। अब गाड़ाघाट परा के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद बंध गई है। यहां के ग्रामीणों को अब तालाब का दूषित पानी पीने से मुक्ति मिल जाएगी।
उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायत बकावंड के गाड़ाघाट पारा में नल जल योजना के तहत कुछ भागों में पाईप लाइन तो बिछा दी गई है, लेकिन जलापूर्ति ठप है। नतीजतन यहां के लोग तालाब का दूषित पानी पीने मजबूर हो गए हैं। हमारे समाचार पत्र ने ग्रामीणों की इस त्रासदी को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर छपते ही लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग तुरंत हरकत में आ गया है। विभाग द्वारा ग्राम पंचायत बकावंड के सभी मोहल्लों में नई पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू किया गया है। जेसीबी मशीनों से खुदाई कर पीवीसी पाइप डाले जा रहे हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार एक सप्ताह के भीतर सभी पारा-मोहल्लों में घर-घर कनेक्शन दे दिए जाएंगे।पिछले सप्ताह गाड़ाघाट पारा में जल संकट की खबर प्रमुखता से प्रकाशित हुई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि नल सूखे पड़े हैं, हैंडपंप खराब हैं और ग्रामीण तालाब का गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। पूर्व उपसरपंच बेलरसन कश्यप ने कहा था कि कई बार शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।समाचार प्रकाशन के 48 घंटे के भीतर ही प्रशासन हरकत में आ गया। जनपद पंचायत बकावंड के सीईओ ने जानकारी दी है कि पाइपलाइन के लिए खुदाई का कार्य शुरू कराया गया है। गाड़ाघाट पारा के ग्रामीण ने कहा कि अखबार में खबर छपते ही अधिकारी दौड़े आए। अब लग रहा है कि हमारे घर में भी नल से पानी आएगा। पिछले 6 महीने से तालाब का पानी पी रहे थे।
पीएचई के अधिकारियों ने बताया कि बकावंड में जल जीवन मिशन का काम चल रहा है। सभी पारा, मोहल्लों में पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया गया है, सभी घरों में नल कनेक्शन देने का लक्ष्य है। गाड़ाघाट पारा को प्राथमिकता में रखा गया है।
