शहरवासी चख भी नहीं पाए और जगदलपुर की सड़कों पर बहने लगा है “अमृत”!
–अर्जुन झा-
जगदलपुर। शहरवासी अभी स्वाद चख भी नहीं पाए हैं और “अमृत” जगदलपुर की सड़कों पर बहने लगा है। वहीं सड़क ठेकेदार के दिए जख्म के दर्द से दो वार्डों के नागरिक अब तक उबर नहीं पाए हैं ।

जगदलपुर में अमृत मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति के लिए बिछाई गई पाईप लाइनों की चार्जिंग के दौरान ही जगह जगह लीकेज की समस्या सामने आ गई है। ग्रीष्म ऋतु में शहर के लोगों को जल संकट से राहत पहुंचाने अमृत मिशन पेयजल योजना की शुरुआत करने नगर निगम प्रशासन ने इन पाइप लाइनों में पानी छोड़ कर टेस्टिंग करना प्रारंभ किया है। शहर के कई प्रमुख मार्गों पर पाइप से पानी निकलना प्रारंभ हो गया है। लोगों का कहना है कि ग्रीष्म ऋतु में पेयजल की बरबादी की जा रही है। वहीं नगर निगम जगदलपुर के जल कार्य विभाग के सभापति सुरेश गुप्ता ने बताया कि इस टेस्टिंग के बाद सुधार करके अब लोगों को अमृत सरीखा जल उपलब्ध कराया जाएगा। दूसरी तरफ शहर की सड़कों के चौड़ीकरण को लेकर जिस ठेकेदार ने कार्य प्रारंभ किया है उसने अपने कार्य में घोर लापरवाही बरतते हुए नगर निगम द्वारा बिछाई गई पेयजल पाइप लाइनों को कई जगह से क्षतिग्रस्त कर दिया है, जिससे कई वार्डों में जलापूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई है। इसे लेकर प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों में काफी आक्रोश है। खासकर वार्ड नंबर 12 एवं 13 में काफी परेशानी हुई है। हालांकि निगम के कुछ जिम्मेदार लोगों का कहना है कि जल्द ही इसे ठीक कर लिया जाएगा, लेकिन सूत्रों ने बताया कि इस कार्य को कर रहे ठेकेदार की जानबूझ कर की जा रही लापरवाही से ऎसी स्थिति निर्मित हुई है। सड़क चौड़ीकरण के नाम पर कमिश्नर ऑफिस के पीछे पूरे रोड में गड्ढा होने और पानी भर जाने से यातायात भी प्रभावित हो रहा है। प्रबुद्ध नागरिकों का कहना है कि लोगों को परेशानी में डालने तथा नगर निगम की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
