शादी समारोह में चाकूबाजी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार


जगदलपुर कोडेनार थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान हुए चाकूबाजी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 22 अप्रैल को बड़े आरापुर गांव में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान हुई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,सोसनपाल निवासी धीरसाय नाग अपने बेटे सागर नाग और पड़ोसी प्रियांशु कुर्रे के साथ शादी में शामिल होने पहुंचे थे।समारोह में डीजे की धुन पर नाच-गाना चल रहा था। इसी दौरान दुगनपाल निवासी देवेंद्र बघेल, संतोष बघेल, लक्ष्मण उर्फ टेडू और राजूर निवासी अमन कुमार उर्फ अमल भी नाचने लगे।नाचते समय देवेंद्र बघेल के हाथ में पहना स्टील का कड़ा अन्य लोगों को लग रहा था। जब सागर नाग और अन्य लोगों ने उसे कड़ा उतारने को कहा, तो विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए धारदार चाकू, लोहे की काती और स्टील के कड़े से हमला कर दिया। इस हमले में सागर नाग को पसली में, प्रियांशु कुर्रे को हाथ की कलाई के पास और फूलसिंग बघेल को भी पसली में गंभीर चोटें आईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोडेनार पुलिस ने धारा 296, 118(1), 109, 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के निर्देशन में टीम गठित कर कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी संतोष बघेल (18 वर्ष), अमन कुमार उर्फ अमल (21 वर्ष) को 25 अप्रैल को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं फरार आरोपी देवेंद्र बघेल (23 वर्ष) को आज 1 मई को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से एक स्टील का चाकू, मुर्गा लड़ाई में काम आने वाली लोहे की काती और स्टील का कड़ा बरामद किया गया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *