सीआरपीएफ 226वीं वाहिनी मुख्यालय कैंप में आंतरिक सड़क और मेस का उद्घाटन
जगदलपुर। बस्तर के सुकमा में स्थित सीआरपीएफ की 226वीं वाहिनी मुख्यालय कैंप में 30 अप्रैल को नव निर्मित आंतरिक सड़क एवं मेस का उद्घाटन आनंद सिंह राजपुरोहित, डीआईजी रेंज (ऑप्स) सुकमा द्वारा एचपी सिंह, कमांडेंट 226 बटालियन की उपस्थिति में किया गया। यह पहल कैंप में परिचालनिक अवसंरचना एवं जवानों के कल्याण दोनों क्षेत्रों में महत्वपूर्ण प्रगति को दर्शाती है।
बैरकों, कार्यालयों, एमटी, मेस एवं कैंप की परिधि के साथ-साथ विकसित की गई यह रणनीतिक सड़क, विशेषकर कठिन परिस्थितियों में आवागमन, समन्वय एवं ऑपरेशनल तत्परता को काफी बेहतर बनाएगी। साथ ही, ओआरएस मेस के नवीनीकरण से जवानों के जीवन स्तर, सुविधा एवं मनोबल को सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता भी स्पष्ट होती है। इस समारोह में सुकमा रेंज की विभिन्न बटालियनों के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें राकेश चंद्र शुक्ला कमाडेंट 150 बीएन, कुमार मयंक कमाडेंट 159 बीएन, हिमांशु पांडे, कमाडेंट 74 बीएन, कमलेश कुमार, कमाडेंट 02 बीएन, नीरज सिंह राठौर, कमाडेंट 223 बीएन और अमित प्रकाश 21/सी 131 बीएन शामिल थे। इसके अतिरिक्त 226 बटालियन के अधिकारियों में राजीव कुमार 21/ सी, डॉ. बोकम नागमणी और जी नबी, एसी सहित अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी अतिथियों ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण भी किया। यह पर्यावरण संरक्षण एवं मातृभूमि के प्रति समर्पण का प्रतीक है। सभा में आनंद सिंह राजपुरोहित ने यूनिट के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की दूरदर्शी अवसंरचनात्मक पहले परिचालनिक दक्षता को बढ़ाने के साथ-साथ कार्मिकों के कल्याण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान नई विकसित संरचनाओं का समुचित रखरखाव सुनिश्चित करें।
