धान नहीं बेच पाए ढाई लाख किसानों का धान सुशासन तिहार में खरीदे साय सरकार: जावेद खान
जगदलपुर। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता जावेद खान ने छत्तीसगढ़ सरकार से सुशासन तिहार में प्रदेश के 2 लाख 41 हजार 6 सौ 57 धान बेचने से वंचित किसानों की समस्याओं के निराकरण की मांग की है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में कुल 27 लाख 53 हजार पंजिकृत किसान हैं वहीं इस बार छत्तीसगढ़ प्रदेश में धान खरीदी के दौरान 25 लाख 11 हजार ही पंजीकृत किसानों ने धान बेच पाया और लगभग 2 लाख 41 हजार 6 सौ 57 किसान धान बेचने से वंचित रह गए। सरकार ने धान खरीदी का लक्ष्य 160 लाख मीट्रिक टन रखा था परंतु संपूर्ण पंजीकृत किसानों के धान न बेच पाने के चलते छत्तीसगढ़ सरकार 140 लाख मीट्रिक टन धान ही खरीद पाई और छत्तीसगढ़ सरकार इस बार भी धान खरीदी के अपने लक्ष्य को पूरा नहीं कर पाई।
जावेद खान ने कहा है कि छत्तीसगढ़ सरकार और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपना वादा निभाएं और अपने कहे मुताबिक किसानों का एक-एक दाना धान को खरीदें। प्रदेश में इतनी बड़ी संख्या में किसानों का धान न खरीदना किसानों के साथ विश्वासघात, वादाखिलाफी है और छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के ढ़ाई लाख किसानों को कर्ज के बोझ में डालने का कार्य कर रही है। जहां किसान धान की पैदावार के लिए सोसायटी से ऋण लेता है, सोसायटी से उधार में खाद-बीज क्रय करता है वो किसान धान न बिक पाने के चलते कर्ज के बोझ में दबता चला जाता है और आज कहीं ना कहीं छत्तीसगढ़ के 2 लाख 41 हजार 6 सौ 57 किसान भी धान नहीं बिक पाने के चलते कर्ज के बोझ तले दब चुके हैं। एक तरफ सरकार सुशासन तिहार मना कर प्रदेश की जनता की समस्याओं का निवारण करने का दिखावा कर रही है वहीं दूसरी ओर प्रदेश की सबसे बड़ी समस्या ढ़ाई लाख किसानों की धान बिक्री और ऋण की समस्या को इस सुशासन तिहार से दूर रख किसानों के साथ कुठाराघात कर रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसलिए प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से हम मांग करते हैं कि सुशासन तिहार के अंतर्गत धान बेचने से चूक गए किसानों की समस्याओं को प्रदेश की वर्तमान की सबसे बड़ी समस्या के रूप में स्वीकारते हुए सुशासन तिहार में जोड़ें और सभी किसानों का धान खरीदी करें या फिर उक्त किसानों के सोसायटी के ऋण को तत्काल माफ करने की व्यवस्था बनाएं।
