फिर एक सीआरपीएफ कैंप में आंधी ने मचाई तबाही



जगदलपुर। नक्सलियों पर तूफान की तरह टूट पड़ने वाले सीआरपीएफ पर प्रतिकूल मौसम भारी पड़ रहा है। तेज आंधी, बारिश ने फिर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के एक कैंप को बुरी तरह तबाह करके रख दिया है। 12 मई की शाम करीब 4.45 बजे तेज आंधी, तीव्र बिजली कड़कने और मूसालाधार वर्षा के साथ आए भीषण तूफान ने सीआरपीएफ की डी-212 बटालियन कैंप पोटकापल्ली को बुरी तरह प्रभावित किया है।
सीआरपीएफ का पोटकापल्ली कैंप किस्टाराम थाना क्षेत्र में स्थित है। तेज आंधी बारिश के कारण कैंप परिसर के भीतर सरकारी अधोसंरचना और परिचालन संबंधी उपकरणों को व्यापक क्षति पहुंची है। पांच बैरकें, एक गार्ड रूम और कमांड पोस्ट को भारी नुकसान पहुंचा है। बाईक स्टैंड तथा जवानों का शौचालय एवं स्नानगृह भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। टीन शीट से निर्मित बाउंड्री वॉल पूरी तरह ढह गई है। महत्वपूर्ण संचार व्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचाहै। दो वीएचएफ-6 कट एंटीना क्षतिग्रस्त हो गए, दो मास्ट पाइप मुड़ गए तथा एचएफ ब्रॉड बैंड एंटीना वायर कट गया है। इससे बल की संचार व्यवस्था ठप हो गई।इसके अतिरिक्त, पोल भी क्षतिग्रस्त हुआ। परिसर में अनेक बड़े पेड़ उखड़कर गिर गए, जिससे वहां मौजूद कर्मियों के लिए जानलेवा स्थिति उत्पन्न हो गई थी। हालांकि समय रहते बरती गई सावधानियों और तत्परता के कारण किसी भी कर्मी को चोट नहीं आई। तूफान की तीव्रता के बावजूद सभी कर्मi सुरक्षित हैं और संचार व्यवस्था तथा आवश्यक सेवाओं की बहाली का कार्य वर्तमान में जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *