शिक्षकों और कर्मचारियों के तबादले पर लगी रोक हटाने की मांग
मोहला। छत्तीसगढ़ प्रदेश शासकीय शिक्षक फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष शंकर साहू व मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी के जिला सचिव मक्खन साहू के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने अपर कलेक्टर को छत्तीसगढ़ के शिक्षकों व कर्मचारियों के ट्रांसफर पर लगी रोक हटाने की मांग को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नाम ज्ञापन सौंपा।
छत्तीसगढ़ प्रदेश शासकीय शिक्षक फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष शंकर साहू व जिला सचिव मक्खन साहू ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि छत्तीसगढ़ के शिक्षकों व कर्मचारियों के ट्रांसफर पर रोक लगी रहने से प्रदेश के शिक्षकों, कर्मचारियों व अधिकारियों का स्थानांतरण नही हो पा रहा है। तबादलों पर पूर्ण प्रतिबंध के कारण कर्मचारियों व अधिकारियों द्वारा गंभीर पारिवारिक समस्याओं, माता-पिता की देखरेख, दिव्यांगता व स्वयं या परिवार की गंभीर बीमारियों और पत्नी पति-पत्नी के अलग-अलग जिलों में पदस्थ होने के कारण भारी मानसिक और आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। फेडरेशन ने मुख्यमंत्री से निवेदन किया है कि केबिनेट द्वारा वर्ष 2026 की नई तबादला नीति को मंजूरी देकर माह जून में सीमित अवधि के लिए तबादले पर से प्रतिबंध हटा दिया जाए। जिला अपर कलेक्टर से शिक्षकों व कर्मचारियों के स्थानांतरण हेतु चर्चा व ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रमुख रूप से छत्तीसगढ़ प्रदेश शासकीय शिक्षक फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष शंकर साहू, जिला सचिव मक्खन साहू, दीनदयाल मौहान, वीरेंद्र कुमार ठावरे व जीवन साहू उपस्थित थे।
