आदिवासी की भूमि पर कथित प्लाटिंग की जानकारी मांगी कलेक्टर ने

दल्लीराजहरा। नगर से कुसुमकसा क्षेत्र में स्टेट हाईवे के समीप आदिवासी भूमि की कथित खरीद-बिक्री एवं प्लाटिंग को लेकर उठे सवालों के बीच बालोद कलेक्टर ने मामले पर संज्ञान ले लिया है। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी टीएल मीटिंग में अधिकारियों से मांगी है। वहीं प्रदेश शासन द्वारा आदिवासी भूमि के प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष हस्तांतरण की जांच को लेकर जारी किए गए नए दिशा-निर्देशों ने मामले को और गंभीर बना दिया है।
महानिरीक्षक पंजीयन द्वारा जिला कलेक्टरों को जारी दिशा-निर्देशों में ऐसे मामलों की जांच पर जोर दिया गया है, जहां आदिवासी भूमि किसी गैर-आदिवासी के प्रत्यक्ष नाम के बजाय नौकर, परिचित, रिश्तेदार अथवा किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर खरीदी गई हो, लेकिन उसका वास्तविक कब्जा, उपयोग अथवा आर्थिक लाभ किसी गैरआदिवासी के पास होने की आशंका हो। जब मामला बालोद कलेक्टर दिव्या मिश्रा के संज्ञान में आया, तो उन्होंने तत्काल मामले से जुड़ी पूरी जानकारी संबंधित अधिकारियों से तलब की है। कुसुमकसा क्षेत्र स्थित खसरा क्रमांक 787/8, कुल रकबा 0.0500 हेक्टेयर जमीन पर कथित रूप से की जा रही प्लाटिंग का मामला चर्चा में आ गया है। मामले को लेकर पूर्व में उठाई गई शिकायत के बाद एसडीएम सुरेश साहू द्वारा उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए जाने तथा संबंधित प्लाटिंग गतिविधि पर रोक लगाने की कार्रवाई की जानकारी सामने आई थी। साथ ही पंजीयक स्तर पर भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाने की बात कही गई है। हाल में जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार केवल वर्तमान में होने वाले भूमि हस्तांतरण ही नहीं, बल्कि पूर्व में हुए ऐसे मामलों की भी पड़ताल की जानी है, जिनमें आदिवासी भूमि किसी अन्य व्यक्ति के नाम दर्ज हुई हो, लेकिन उसका वास्तविक उपयोग अथवा आर्थिक लाभ किसी गैर-आदिवासी के पास होने की शिकायत या संदेह हो। संदिग्ध एवं नियम-विरुद्ध हस्तांतरण की स्थिति में जांच पूरी होने तक संबंधित भूमि के आगे के हस्तांतरण पर रोक लगाने की कार्रवाई की जा सकती है। वहीं पुराने मामलों में यदि हस्तांतरण नियमों के विपरीत पाया जाता है तो नियमानुसार भूमि को मूल आदिवासी खातेदार के पक्ष में बहाल करने की कार्रवाई का भी प्रावधान किया गया है। शासन के निर्देशों में पंजीयन अधिकारियों को दस्तावेजों की जांच तथा आदिवासी भूमि के प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष हस्तांतरण से जुड़े मामलों में सावधानी बरतने को कहा गया है। इस व्यवस्था का उद्देश्य ऐसे लेन-देन की पहचान करना है, जिनमें भूमि किसी दूसरे व्यक्ति के नाम पर दर्ज होने के बावजूद वास्तविक नियंत्रण अथवा आर्थिक लाभ किसी अन्य व्यक्ति को प्राप्त हो रहा हो।

कुसुमकसा केस में जांच के बिंदु
ऐसे में कुसुमकसा के खसरा 787/8, रकबा 0.0500 हेक्टेयर से जुड़े मामले में भी जांच के दौरान यह देखा जाना महत्वपूर्ण होगा कि भूमि का मूल खातेदार कौन है, भूमि का हस्तांतरण किसके पक्ष में और किस उद्देश्य से हुआ, संबंधित दस्तावेजों में क्या उल्लेख है, प्लाटिंग के लिए आवश्यक अनुमति एवं भूमि उपयोग संबंधी प्रावधानों का पालन हुआ या नहीं तथा प्रस्तावित प्लाटों का वास्तविक नियंत्रण किसके पास है?
इसके साथ ही यह भी जांच का विषय होगा कि जमीन का सौदा यदि किसी व्यक्ति के नाम पर हुआ है तो क्या वही व्यक्ति भूमि का वास्तविक उपयोग एवं आर्थिक लाभ प्राप्त कर रहा है अथवा किसी अन्य व्यक्ति का अप्रत्यक्ष नियंत्रण है? शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के बाद ऐसे पहलुओं की जांच को विशेष महत्व मिल गया है।
छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता में भी आदिवासी भूमि के हस्तांतरण को लेकर विशेष प्रावधान हैं। उच्च न्यायालय के विभिन्न निर्णयों में धारा 165(6) तथा धारा 170-बी के प्रावधानों के तहत आदिवासी भूमि के हस्तांतरण और नियम-विरुद्ध हस्तांतरण की स्थिति में भूमि वापसी से जुड़े प्रावधानों की व्याख्या की गई है।

आदिवासी हित जरूरी: डॉ. माहला
भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री एवं अखिल भारतीय हल्बा-हल्बी आदिवासी समाज के केंद्रीय अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र माहला ने बालोद जिला सहित पूरे छत्तीसगढ़ में आदिवासी परिवारों की जमीन से जुड़े मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आदिवासी भूमि की सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने कहा कि यदि कहीं आदिवासी किसानों को गुमराह कर कम कीमत पर जमीन खरीदने, बाद में महंगे दामों पर प्लाट काटकर बेचने अथवा नियमों को दरकिनार कर भूमि का हस्तांतरण करने की शिकायत सामने आती है, तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। डॉ. माहला ने कहा कि शासन द्वारा आदिवासी भूमि के संदिग्ध प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष हस्तांतरण को लेकर जारी दिशा-निर्देश महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी व्यक्ति अथवा अधिकारी, कर्मचारी की भूमिका नियम-विरुद्ध पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर वे इस प्रकार के मामलों को मुख्यमंत्री एवं राजस्व मंत्री सहित संबंधित संवैधानिक एवं केंद्रीय स्तर के अधिकारियों के समक्ष भी उठाएंगे।

मंजू बैस ने की कार्रवाई की मांग
जनपद पंचायत सभापति, महिला एवं बाल विकास मंजू बैस ने कहा कि उन्हें भी क्षेत्र में जमीन संबंधी इस प्रकार की अनियमितताओं की जानकारी प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि आदिवासी किसानों की जमीन से जुड़े मामलों में शासन-प्रशासन को गंभीरता से जांच करनी चाहिए। यदि किसी किसान को भ्रमित कर जमीन का सौदा कराया जा रहा है या नियमों के विपरीत प्लाटिंग की जा रही है, तो ऐसे मामलों में समय रहते रोक लगाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि वे भी प्रशासन के समक्ष इस विषय को रखकर ऐसे कार्यों पर रोक लगाने तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कराने का प्रयास करेंगी, ताकि भविष्य में किसी आदिवासी किसान के साथ अन्याय न हो।

अब जांच रिपोर्ट पर निगाहें
फिलहाल कुसुमकसा के संबंधित भूमि प्रकरण में प्रशासनिक स्तर पर जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। शासन के ताजा दिशा-निर्देशों के बाद जांच का दायरा केवल कथित प्लाटिंग तक सीमित न रहकर भूमि के मूल खातेदार, हस्तांतरण की प्रकृति, दस्तावेज, वास्तविक कब्जा, आर्थिक लाभ, प्लाटिंग की अनुमति और संबंधित राजस्व एवं पंजीयन प्रक्रिया तक पहुंच सकता है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि खसरा क्रमांक 787/8, रकबा 0.0500 हेक्टेयर से जुड़े मामले में नियमों का पालन हुआ है या नहीं। फिलहाल किसी व्यक्ति अथवा अधिकारी को दोषी ठहराने के बजाय प्रशासनिक जांच के निष्कर्ष का इंतजार किया जा रहा है। शासन के नए निर्देशों ने हालांकि ऐसे मामलों में जांच और निगरानी की प्रक्रिया को पहले की तुलना में अधिक स्पष्ट और गंभीर बना दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *