कोरर का चोर बुलेट राजा पहुंचा सींखचों के पीछे



जगदलपुर। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व मेें बस्तर पुलिस द्वारा अपराधी तत्वों के विरूद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सिटी कोतवाली पुलिस ने कांकेर जिले के कोरर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केंवटीन टोला निवासी एक चोर बुलेट राजा को चोरी की बुलेट बाइक के साथ कांकेर से गिरफ्तार किया है।
गत 23 फरवरी को हाउसिंग बोर्ड जगदलपुर के पार्किंग से मोटर सायकल बुलेट चोरी करने वाले आरोपी पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग, नगर पुलिस अधीक्षक धोत्रे सुमीत कुमार के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर कार्रवाई करने में बस्तर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ज्ञात हो कि दिनांक 23 फरवरी को हाउसिंग बोर्ड कालोनी जगदलपुर के पार्किंग से बुलेट मोटर सायकल की चोरी हुई थी। शिकायत मिलने के तुरंत बाद चोर को पकड़ने हेतु टीम गठित की गई थी। पतासाजी के दौरान हाउसिंग बोर्ड एवं शहर के विभिन्न स्थानों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज के आधार पर आरोपी की शिनाख्त सुशील नायक पिता संतोष नायक उम्र 20 साल जाति हल्बा निवासी केंवटीन टोला थाना कोरर जिला कांकेर के रूप में हुई। उसकी तलाश लगातार की जा रही थी। अंततः 27 मई को सुशील पुलिस के हत्थे चढ़ गया। हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की गई। आरोपी ने चोरी की बात कबूल कर ली और चोरी की बुलेट मोटर सायकल ओडी 07 टी 0494 को अपने गांव के घने जंगल में छुपा कर रखने की जानकारी पुलिस को दी। आरोपी की निशानदेही पर बाइक बरामद कर ली गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। इस मामले को सुलझाने में कोतवाली थाने के निरीक्षक लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक अरुण मरकाम, प्रमोद ठाकुर, प्रधान आरक्षक विनोद चांदने, आरक्षक सोनू गौतम, कृष्णा नेताम और राजू बघेल ने अहम भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *