आंधी ने हवा में उड़ा दिए विद्युत कंपनी के सारे दावे



-अर्जुन झा-
जगदलपुर। नगर में गुरुवार को एक घंटे तक चली तेज आंधी ने विद्युत कंपनी के सुचारु बिजली आपूर्ति और मेंटेनेंस के सारे दावों को हवा में उड़ा दिए। दोपहर बाद से गई बिजली रात एक बजे आई। जगदलपुर और बस्तर वीआईपी नेताओं के गढ़ और घर भी हैं, बावजूद यहां बिजली कंपनी के अधिकारी अंधेरगर्दी मचाए हुए हैं।


जगदलपुर नगर समेत बस्तर संभाग के बस्तर, सुकमा व कुछ अन्य जिलों में गुरुवार को आई आंधी बारिश ने तबाही का मंजर पेश कर दिया। तेज हवाओं और बारिश के कारण जगह जगह दर्जनों पेड़ गिर गए और बिजली के तार टूट कर जमीन चूमने लगे। शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। आश्चर्य की बात तो यह है कि बिजली कंपनी हर सप्ताह मेंटेनेंस कार्य के नाम पर कई घंटे बिजली रखती है। मेंटेनेंस पर लाखों खर्च दर्शा कर सरकारी धन का दुरूपयोग किया जाता है।तथाकथित मेंटेनेंस पर सवाल इसलिए भी उठता है कि पूरे शहर और बस्तर में जगह जगह बिजली पोल झुके हुए हैं और तार झूलते नजर आ रहे हैं। ये तार हवा के हल्के झोंके भी सह नहीं पाते और आपस में टकरा कर बिजली ट्रिप कर जाते हैं। गुरुवार को भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब आंधी बारिश के बीच जगह जगह बिजली तार टूटकर गिर गए। विद्युत कंपनी के अधिकारी कर्मचारी देर से जागे और मरम्मत कार्य शुरू किया गया। भीषण गर्मी और उमस से लोग हलाकान होते रहे। रात एक बजे तक लोग बेचैनी भरे माहौल में रहे। नवजात और कम उम्र के बच्चे, बीमार बुजुर्ग परेशानी के दौर से गुजरते रहे। रात एक बजे बिजली आई, तब कहीं जाकर लोगों को राहत नसीब हुई। मच्छररों की अधिकता के चलते बस्तर मलेरिया और डेंगू के मामले में बेहद सेंसेटिव जोन है, बावजूद विद्युत कंपनी को इसकी जरा भी परवाह नहीं है। विद्युत कंपनी की मनमानी की हद तो यह है कि सत्ता पक्ष के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं विधायक किरण सिंह देव, महापौर संजय पाण्डेय तथा विपक्ष के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज व विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष एवं विधायक लखेश्वर बघेल जैसे वीवी आईपी नेताओं का गढ़ होने के बावजूद यहां बिजली व्यवस्था के मामले में घोर लापरवाही बरती जाती है।
गुरुवार की आंधी बारिश में बोधघाट सेंट्रल लैब के सामने बिजली तार टूट गया है जिसकी वजह से आसपास के इलाकों की विधुत आपूर्ति प्रभावित रही। सनसिटी के पास चित्रगुप्त मंदिर के सामने भी यही आलम रहा। पावर हाउस के पास सब स्टेशन की डीपी क्षतिग्रस्त हो गया।दलपत सागर वार्ड, कन्हैया किराना गली, पाठ्य पुस्तक निगम कार्यालय के आसपास के इलाके बुरी तरह प्रभावित रहे।

पुलिस और नगर निगम ने सम्हाला मोर्चा
जगदलपुर शहर में तेज आंधी तूफान के कारण सड़क पर गिरे पेड़ की शाखाओं एवं होर्डिंग्स को पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम देर रात तक हटाने और व्यवस्था बहाल करने में जुटी रही। तेज बारिश और आंधी के कारण शहर के कई हिस्सों में पेड़ और होर्डिंग सड़क पर गिर गए थे, जिससे से सड़कें बाधित हो गई थीं। दुर्घटना की संभावना बढ़ गई थी।इसे देखते हुए महापौर संजय पाण्डेय एवं नगर निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा के निर्देश पर नगर निगम की टीम और पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के निर्देश पर तीनों थानों, पुलिस कंट्रोल रूम और यातायात पुलिस की टीम मोर्चा सम्हालने मैदान पर उतर पड़ी। सड़क पर टूट कर गिरे पेड़ों की शाखाओं और होर्डिंग्स को हटाने का व्यापक अभियान शुरू किया गया। सड़कों से मलबा हटा कर यातायात बहाल किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *