बस्तर धाकड़ समाज की पहल, कल्याण निधि से गरीबी परिवारों और बेरोजगारों को मिलेगा स्वरोजगार
जगदलपुर। बस्तर धाकड़ समाज कल्याण समिति जिला बस्तर ने आर्थिक तंगी से जूझ रहे सदस्यों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए “धाकड़ समाज कल्याण निधि” योजना शुरू करने का निर्णय लिया है।
शनिवार को माता मावली मंदिर में हुई बैठक में अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि समाज में आज भी कई परिवार कठोर परिश्रम के बाद सिर्फ दो वक्त की रोटी जुटा पाते हैं। ऊंची ब्याज पर साहूकार से लिया कर्ज पीढ़ी दर पीढ़ी गरीबी का कारण बन रहा है। इसी को तोड़ने के लिए समिति ने हर सक्षम सदस्य से मासिक योगदान लेकर बेरोजगार युवाओं को बिना ब्याज पूंजी देने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किया।
स्वरोजगार पर जोर
योजना के तहत किराना दुकान, ठेला, सिलाई, मोबाइल रिपेयरिंग और डेयरी फार्मिंग जैसे छोटे व्यवसाय शुरू करने वालों को शुरुआती पूंजी मिलेगी। समिति का मकसद केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि स्थायी आय का जरिया बनाना है ताकि लोग कर्ज के जाल में दोबारा न फंसें।निधि का वितरण पूरी तरह नियमबद्ध और पारदर्शी होगा। राशि का हिसाब सार्वजनिक रखा जाएगा। लाभार्थी का चयन गहन जांच के बाद होगा और मदद लेने वाले को राशि लौटानी होगी, ताकि वही पैसा दूसरे जरूरतमंद के काम आ सके।
चित्रकोट में बनेगा भव्य राम मंदिर
बैठक में चित्रकोट में प्रस्तावित भगवान राम के भव्य मंदिर निर्माण पर भी सहमति बनी। समाज ने इसे धार्मिक-सांस्कृतिक दायित्व मानते हुए निर्माण में तन, मन, धन से सहयोग का संकल्प लिया। बैठक में सचिव, सदस्य और समाज के वरिष्ठजन मौजूद रहे।
