महंगाई पर शिवसेना का केंद्र और राज्य सरकार पर हमला, आम जनता को राहत देने की मांग
रायपुर। शिवसेना के प्रदेश महासचिव चंद्रमौली मिश्रा ने देश में बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण आज महंगाई चरम पर पहुंच गई है, जिससे आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है।
चंद्रमौली मिश्रा ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों ने लोगों की आर्थिक स्थिति पर भारी बोझ डाल दिया है। महंगाई के कारण आम नागरिकों को दैनिक जरूरतों की वस्तुएं खरीदने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने तथा जनता को राहत देने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठा रही हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले महंगाई कम करने और पेट्रोलियम पदार्थों के दाम घटाने का वादा किया था, लेकिन वर्तमान में देश और प्रदेश में महंगाई लगातार बढ़ रही है। इसके चलते आम जनता त्रस्त है और उसे राहत की उम्मीद नहीं दिखाई दे रही है।
शिवसेना नेता ने केंद्र सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार और उसका तंत्र महंगाई रोकने में पूरी तरह विफल साबित हुआ है। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार से महंगाई पर नियंत्रण के लिए विशेष प्रयास करने तथा पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में कमी कर आम जनता को राहत प्रदान करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया तो आम लोगों की परेशानियां और बढ़ सकती हैं। शिवसेना ने सरकार से जनहित में ठोस कदम उठाने की अपील की है।
