नगरनार प्लांट में परिवहन समितियों के रवैये से परेशान हैं ट्रक- ट्रेलर मालिक
जगदलपुर। नगरनार स्टील प्लांट में कार्यरत परिवहन समितियों की कथित मनमानी और अनिमियता से ट्रक ट्रेलर मालिक परेशान हो चले हैं। ट्रक ट्रेलर मालिक सड़क पर उतरने की तैयारी कर रहे हैं।उन्होंने अपने सारे ट्रक और ट्रेलर जिला प्रशासन को सौंपने का मन बना लियाहै।

ट्रक ट्रेलर एकता मंच ने कहा है कि बस्तर जिले का गौरव नगरनार स्टील प्लांट के स्थापित होने से बस्तर वासियों को जो एक नई आस और उम्मीद जागी थी, वह अब पूरी टूटती हुई नजर आ रही है। जिसका कारण है कि शहर-गांव के व्यक्तियों द्वारा पाई पाई जोड़कर परिवहन व्यवसाय प्रारंभ करने के लिए फाइनेंस में वाहन खरीदा गया था अब उस वाहन का क़िस्त पटाने के लिए भी उनके पास कोई विकल्प नही बचा है।नगरनार प्लांट में माल का परिवहन करने हेतु जय झाड़ेश्वर परिवहन समिति, बस्तर परिवहन संघ, बस्तर ट्रेलर-ट्राला संघ परिवहन का कार्य कर रहे हैं। इनके अधीन अनेक वाहन परिवहन कार्य मे लगे हुए हैं। लेकिन इन समितियों की कार्यप्रणाली के कारण वाहनों के मालिकों को अब अपना वाहन चलाने में मशक्कत करना पड़ रही है।ट्रक ट्रेलर एकता मंच ने कहा है कि इन समितियों द्वारा पैनल में चल रहे वाहनों का संचालन सही ढंग से नही किया जा रहा है। समितियों द्वारा तय दर और नियत समय पर गाड़ी मालिकों को भाड़ा नही दिया जा रहा है। स्थानीय लोगों की उपेक्षा कर अन्य बाहरी गाड़ियों को चैनल में जोड़ा गया है। समितियों द्वारा बाहरी 16 चक्का वाहनों का संचालन किया जा रहा है। सभी 16 चक्का क्षेत्रीय वाहनों का प्लांट में माल लोडिंग के लिए सही तरीके से निर्धारण नही किया जा रहा है। विगत कुछ महीनों पहले बिना किसी मापदंड के चैनल में ट्रेलर की संख्या बढ़ा दी गई है। इन सभी विषयों को ले कर 150 से अधिक वाहनों के मालिकों ने समितियों से परेशान हो कर बैठक की और बस्तर सांसद, जगदलपुर विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद, जिला प्रशासन को पत्र लिखकर इस मामले से अवगत कराया है। सभी वाहन मालिकों ने 15 दिन के भीतर इन खामियों को दूर करने की गुहार लगाई है। 15 दिन के भीतर अगर यह व्यवस्था दुरुस्त नही होती है तो सभी वाहन मालिक अपने वाहनों को जिला प्रशासन के सुपुर्द कर देंगे।
