वनांचल ग्राम पंचायत खारा बना स्वच्छता ही सेवा का बेहतरीन उदाहरण
कवर्धा,,, कबीरधाम जिले के जनपद पंचायत बोड़ला के सुदूर वनांचल ग्राम पंचायत खारा में महिला समहू युवा मंडली एवं ग्रामीण आपस में मिलकर सभी के लिए स्वच्छता ही सेवा की मिसाल बन गए हैं। सप्ताह के प्रत्येक शुक्रवार एवं रविवार को सुबह से मंदिर, स्कूल, आंगनबाड़ी भवन, सभी सार्वजनिक स्थानो, पचरी, सड़क, एवं गली की साफ सफाई सामूहिक रूप से करने का यह सिलसिला विगत 8 माह से लगातार चल रहा है। इसके अतिरिक्त पशुधन के लिए गौठान एवं अन्य स्थानों में पीने के पानी की व्यवस्था और उनके रुकने के स्थलों पर साफ सफाई का काम भी जन सहयोग से हो रहा है। ग्राम पंचायत द्वारा भी स्वच्छता की गतिविधियों में अपना पूरा सहयोग प्रदान कर रहा है। उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायत खारा की कुल जनसंख्या 2264 है तथा यहां पर 16 वार्ड है। गांव की सरपंच श्रीमती चमेली राकेश चंद्र श्रीवास्तव एवं सचिव श्री सोहनलाल साहू द्वारा स्वच्छता से जुड़े समूह को प्रोत्साहन स्वरूप 3000 रुपए महीना प्रदान किया जा रहा है। इसके साथ ही स्वच्छता टूल किट में महिला समूह को साड़ी, दस्ताना, फौडा, टोकनी, डस्टबिन व रिक्शा सहित आवश्यक सामग्रिया प्रदान की गई है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कबीरधाम अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि ग्राम पंचायत खारा की सत्य कबीर स्व सहायता समूह की दीदियों द्वारा डोर टू डोर कचरा कलेक्शन का कार्य पिछले 18 महीने से लगातार चल रहा है। इसके साथ ही गांव के युवा साथियों द्वारा स्वच्छता की गतिविधियों में अपना श्रमदान देकर सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गए हैं। महिला समूह में कुल 13 सदस्य है और युवाओं का जय सियाराम समिति में कुल 21 सदस्य स्व प्रेरणा से स्वच्छता की गतिविधियों में लगे हुए हैं।
ग्राम पंचायत के सचिव सोहनलाल साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय पर्व के समय एवं अन्य आयोजनों में गांव के युवा मंडली एवं महिला समूह के सदस्यों को उनके इस सामाजिक गतिविधियों के लिए प्रोत्साहन स्वरूप सम्मानित किया जाता है। गांव के सभी लोग मिलकर अपने ग्राम पंचायत को स्वच्छ बनाने का संकल्प लेकर एक साथ काम करते हैं।
