चार दशकों तक चावल चोर अब रेत के अवैध कारोबार में सक्रिय!पूर्व पंचायत सचिव बना साझेदार – विजय झाड़ी
बीजापुर :- जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के जिला अध्यक्ष विजय झाड़ी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए आरोप लगाया है कि बीजापुर जिले के पूर्व खाद्य अधिकारी बी.एल. पदमाकर, जो चार दशकों तक चावल की हेरा-फेरी में मशहूर रहे, अब सेवानिवृत्ति के बाद भी अपनी आदत नहीं छोड़ पाए हैं। उन्होंने ग्राम पंचायत सचिव सीताराम मोरला के साथ सांठगांठ कर तारलागुड़ा, चेंदुर और कोत्तूर क्षेत्र के रेत खदानों से अवैध उत्खनन कर रेत का भंडारण व सीमावर्ती राज्यों तेलंगाना व महाराष्ट्र में अवैध परिवहन कर बिक्री का धंधा शुरू कर दिया है।
विजय झाड़ी ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा, “बीजापुर में चार दशक तक खाद्य अधिकारी रहकर चावल की लूट करने वाले बी.एल. पदमाकर अब पंचायत सचिव सीताराम मोरला के साथ मिलकर रेत की चोरी में जुट गए हैं। पूर्व की कांग्रेस और भाजपा सरकारों ने बस्तर के खनिज संसाधनों को लगातार लूटा है। नक्सलवाद समाप्त होने के बाद भाजपा की डबल इंजन की सरकार और सांसद महेश कश्यप के संरक्षण में कोरंडम, लोहा, जल, जंगल और जमीन की लूट तेज हो गई है।”
विजय झाड़ी ने आगे कहा कि जिले की पंचायतों की राशि हेरा-फेरी करने वाले सचिव और लंबे समय तक सरकारी पद पर रह चुके अधिकारी की मिलीभगत से रेत माफिया का नेटवर्क तैयार कर लिया है। इससे न केवल सरकारी राजस्व की भारी हानि हो रही है, बल्कि पर्यावरण को भी अपूरणीय क्षति पहुंच रही है।
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के जिला अध्यक्ष विजय झाड़ी ने भाजपा की डबल इंजन सरकार से मांग की है कि तारलागुड़ा, चेंदुर और कोत्तूर रेत खदानों से अवैध उत्खनन व भंडारण पर तुरंत रोक लगाई जाए। तेलंगाना व महाराष्ट्र की ओर हो रहे अवैध रेत परिवहन को रोका जाए। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उन्हें कठोर दंड दिया जाए। झाड़ी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन तुरंत कार्रवाई नहीं करता है तो जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) जिले भर में आंदोलन करेगी।
