पेटफुली नदी का सीना चीरकर सैकड़ों ट्रैक्टर रेत गौठान में किया डंप


बकावंड। बस्तर जिले के बकावंड विकासखंड के छिंदगांव एवं जैबेल के समीप से बहने वाली पेटफुली नदी का सीना चीरकर सैकड़ों ट्रेक्टर रेत छिंदगांव पंचायत के गौठान में डंप किया गया है। जहां से अवैध रूप से रेत की बिक्री की जा रही है। इस खेल में सरपंच एवं कुछ पंचों का रेत माफिया को संरक्षण प्राप्त है। खनिज विभाग एवं ठेकेदार की सांठगांठ होने की भी खबर है।
खनिज विभाग के जिम्मेदार अधिकारी को पूर्व में भी अवगत कराने के बाद भी विभाग द्वारा संज्ञान नहीं लिया जाना विभाग की संलिप्तता की ओर इशारा करता है। ज्ञातव्य हो कि ब्लॉक में इन दिनों रेत माफिया द्वारा इन दिनों जेसीबी के सहारे खुलेआम पेटफुली नदी का सीना चीरकर रेत का अवैध उत्खनन एवं परिवहन कर छिंदगांव पंचायत के गौठान में सैकड़ों ट्रेक्टर रेत डंप की जा चुकी है। ऐसी खबर है कि पंचायत के सरपंच एवं कुछ पदाधिकारियों के संरक्षण में रेत माफिया बेखौफ होकर उत्खनन करने में जुटे हैं। इससे शासन को लाखों की रॉयल्टी का नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं पंचायत को मिलने वाले राजस्व से भी वंचित होना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार रोजाना लगभग 80 से 100 ट्रेक्टर रेत उत्खनन किया जा रहा है। अब तक एक हजार ट्रिप रेत डंप किए जाने का अनुमान है।पंचायत सचिव श्यामलाल भी इस मामले को लेकर अनजान बने हुए हैं और कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।

शिकायत पर भी नहीं जागा विभाग
रेत के अवैध उत्खनन मामले में संबंधित विभाग को सप्ताह भर पूर्व अवगत कराया जा चुका था, लेकिन विभाग आज तक अपने कर्तव्य का निर्वहन नहीं कर सका है। खनिज अधिकारी को पुनः मामले को संज्ञान लाने फोन किया गया तो वे फोन रिसीव करने से भी परहेज करते रहे और घंटो बाद यह कहा गया कि साहब मीटिंग में हैं।

होगी कार्रवाई
अवैध रेत खनन की शिकायत प्राप्त हुई है, जांच के लिए टीम भेजी जाएगी और जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे और रेत को भी जप्त किया जाएगा।
मनीष वर्मा,
एसडीएम, बकावंड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *