भानपुरी-चमिया मार्ग की हालत अति दयनीय, ब्लॉक कांग्रेस ने ईई को सौंपा ज्ञापन
जगदलपुर। बस्तर जिले के भानपुरी से चमिया मार्ग की अत्यंत जर्जर, बदहाल और जानलेवा हो चुका है।सड़क की स्थिति में तत्काल सुधार की मांग को लेकर आज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष धनुर्जय नेताम और जिला युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष निलय कश्यप के नेतृत्व में कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने लोक निर्माण विभाग उत्तर बस्तर संभाग क्रमांक-2 के कार्यपालन अभियंता जगदलपुर को ज्ञापन सौंपा।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि आगामी 10 दिनों के भीतर सड़क निर्माण व मरम्मत का कार्य धरातल पर शुरू नहीं किया गया, तो उग्र आंदोलन और चक्का जाम किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष धनुर्जय नेताम ने बताया कि पिछले लंबे समय से भानपुरी से चमिया मार्ग पूरी तरह से जर्जर हो चुका है। सड़क पर डामर का नामोनिशान तक मिट चुका है और उसकी जगह बड़े-बड़े और गहरे जानलेवा गड्ढों ने ले ली है। वर्तमान में बारिश का मौसम होने के कारण इन गड्ढों में लगातार पानी भर रहा है, जिससे सड़क की स्थिति और भी भयावह व खतरनाक हो चुकी है। इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को अपनी जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। सड़क की बदहाली के चलते आए दिन गंभीर दुर्घटनाएं हो रही हैं।सड़क पर बने जानलेवा गड्ढों के कारण आए दिन दोपहिया और चार पहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। इस क्षेत्र के स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, पैदल यात्रियों और नियमित राहगीरों के लिए इस उखड़ी हुई सड़क से गुजरना मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना बन का सबब चुका है। प्रशासन और विभाग की लंबे समय से चली आ रही उदासीनता के कारण क्षेत्र की जनता में भारी आक्रोश है और लोग अब इस बदहाली को और बर्दाश्त करने के मूड में नहीं हैं। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भानपुरी ने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता से स्पष्ट शब्दों में कहा है कि जनहित और आमजन की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए तत्काल इस जर्जर मार्ग का तकनीकी निरीक्षण करवाया जाए और आगामी 10 दिनों के भीतर मौके पर निर्माण व सुधार कार्य प्रारंभ किया जाए। कांग्रेस कमेटी ने साफ किया कि यह क्षेत्र की जनता के हक की लड़ाई है। यदि दी गई समय सीमा के भीतर लोक निर्माण विभाग द्वारा धरातल पर वास्तविक कार्य शुरू नहीं कराया जाता है, तो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भानपुरी आम जनता के साथ मिलकर उग्र प्रदर्शन, चक्काजाम करने के लिए पूरी तरह बाध्य होगी। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भानपुरी के अध्यक्ष धनुर्जय नेताम, जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष जितेंद्र जैन, ग्रामीण जिला युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष निलय कश्यप, आदिवासी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बबलू बघेल, महामंत्री जीवन सेठिया, वीरेंद्र पांडेय, त्रिलोक कश्यप एवं प्रमुख पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं कांग्रेस कार्यकर्ता व ग्रामीण उपस्थित रहे।
