विधायक भावना बोहरा की बड़ी पहल: अब पंडरिया विधानसभा के सरकारी स्कूलों के बच्चें उड़ाएंगे ड्रोन, AI और रोबोटिक्स की मिलेगी अत्याधुनिक शिक्षा

कवर्धा,,,बदलते समय के साथ शिक्षा का स्वरूप भी तेजी से बदल रहा है। भविष्य की चुनौतियों और अवसरों को ध्यान में रखते हुए पंडरिया विधायक भावना बोहरा द्वारा पंडरिया विधानसभा अंतर्गत समस्त शासकीय उच्चतर विद्यालय, उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों एवं सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय परिसर में जाकर छात्र-छात्राओं को आधुनिक व तकनिकी शिक्षा एवं नवाचार से जोड़ेने के लिए जल्द ही “भावना दीदी की साइंस पाठशाला” मोबाईल ईमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब का जल्द ही शुभारंभ किया जाएगा। यह एक अत्याधुनिक मोबाइल ईमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब होगी, जिसका उद्देश्य ग्रामीण अंचलों के शासकीय विद्यालयों व सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों तक आधुनिक तकनीकी शिक्षा पहुँचाना है। बस में संचालित इस मोबाइल ईमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों को 5 अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा विद्यालय परिसर में चरणबद्ध तरीके से 3 से 5 दिनों की कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा,जहाँ छात्र-छात्राओं को बेसिक से लेकर एडवांस टेक्नोलॉजी का प्रशिक्षण दिया जाएगा साथ ही प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र भी दिया जाएगा।

इस अभिनव पहल के माध्यम से प्रति वर्ष 5000 से अधिक छात्र-छात्राओं को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बस में बनी यह मोबाइल ईमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न शासकीय विद्यालयों तक पहुँचेगी और उच्चतर विद्यालय एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से भविष्य की उन्नत तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करेगी। प्रथम चरण में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इससे जुड़ी जानकारी देते हुए विधायक भावना बोहरा ने बताया कि प्रशिक्षण में विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, ड्रोन और एयरोमॉडलिंग, 3D प्रिंटिंग, कोडिंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), ऑगमेंटेड एवं वर्चुअल रियलिटी (AR/VR) जैसी आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण केवल सैद्धांतिक नहीं होगा, बल्कि विद्यार्थी स्वयं ड्रोन उड़ाने, कोडिंग करेंगे, D मॉडल तैयार करेंगे तथा रोबोट संचालित करने और आधुनिक डिजिटल तकनीकों का व्यवहारिक अनुभव भी प्राप्त करेंगे। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी शिक्षा के बीच तकनीकी अंतर को कम करना, भविष्य की प्रतिस्पर्धा के लिए सक्षम बनाना, शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराना तथा उनमें वैज्ञानिक सोच, नवाचार, रचनात्मकता और आधुनिक कौशल का विकास करना है। 5 अनुभवी प्रशिक्षकों और विशेषज्ञों की टीम द्वारा विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देकर उन्हें भविष्य की तकनीक आधारित शिक्षा और करियर के लिए तैयार किया जाएगा।

भावना बोहरा ने कहा कि आज का समय ज्ञान, विज्ञान और तकनीक का युग है। यदि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक शिक्षा और नई तकनीकों से जोड़ा जाए, तो वे भी देश और दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने कहा, प्रतिभा किसी शहर या संसाधन की मोहताज नहीं होती। हमारे गाँवों के बच्चों में भी अपार क्षमता है। आवश्यकता केवल उन्हें सही अवसर और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने की है। ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकों से जोड़ना, उनमें आत्मविश्वास जगाना और उन्हें आने वाले समय की चुनौतियों के लिए तैयार करना है। हमारा संकल्प है कि पंडरिया विधानसभा का कोई भी विद्यार्थी अवसरों के अभाव में पीछे न रहे। इसी संकल्प के तहत पंडरिया विधानसभा की बेटियां जो संसाधनों के आभाव में उच्च शिक्षा प्राप्त नहीं कर पाती थीं इसके लिए हमने प्रयास किया और आज पंडरिया विधानसभा की महाविद्यालयीन छात्राओं को घर से महाविद्यालय आने-जाने हेतु 10 निःशुल्क बसों का संचालन किया जा रहा है जिससे बेटियां आज उच्च शिक्षा ग्रहण कर अपने सपनों को पूरा कर रहीं हैं। अब तक 1500 से अधिक छात्राओं को इस बस सेवा का लाभ मिल चुका है। वहीं संसाधनों के आभाव और आर्थिक कारणों से पंडरिया विधानसभा के जो बच्चे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने में असमर्थ थे उनके लिए हमने पंडरिया नगर में लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग की शुरुआत की है जहाँ युवाओं को IIT-JEE, NEET और CGPSC की निःशुल्क कोचिंग दी जा रही है।

भावना बोहरा ने कहा कि भावना दीदी की साइंस पाठशाला “मोबाइल ईमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब” ग्रामीण शिक्षा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का एक अभिनव प्रयास है। यह पहल विद्यार्थियों को विज्ञान, नवाचार और तकनीकी शिक्षा के नए आयामों से जोड़ते हुए उन्हें भविष्य के बेहतर अवसरों के लिए सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। हमारा संकल्प है कि पंडरिया विधानसभा का कोई भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी केवल संसाधनों के अभाव में पीछे न रह जाए। सरकारी विद्यालयों के बच्चों को भी अवसर मिलें। हमें विश्वास है कि भावना दीदी की साइंस पाठशाला ग्रामीण प्रतिभाओं को विज्ञान, नवाचार और आधुनिक तकनीक से जोड़ने का माध्यम बनेगी तथा तकीनीकी शिक्षा व नवाचार के क्षेत्र में उनके उज्ज्वल भविष्य की राह आसान करेगी। इसके लिए पूरी तैयारी लगभग पूर्ण कर ली गई है और विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके इसके लिए आगामी कुछ ही दिनों में जल्द से जल्द इस लैब का शुभारंभ किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *